पानीपत के चर्चित हेड कांस्टेबल सिंघम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एसपी ने दिए ये आदेश

पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले के चर्चित हेड कांस्टेबल आशीष कुमार उर्फ ​​सिंघम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. एसपी शशांक कुमार सावन ने आशीष को तत्काल प्रभाव से नौकरी से मुक्त कर दिया है. आशीष के बर्खास्तगी आदेश में तीन बड़ी बातें लिखी गई हैं.

Ashish Kumar Panipat

जिनमें पहला है निरंतर अनुशासनहीनता में रहना. दूसरा वर्दी पहनकर अक्सर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना प्रशासन को ही चुनौती देना है. तीसरी बड़ी बात लिखी गई है कि प्रशासन के लिए हमेशा कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा करना जरूरी होता है. यानी इसमें बचाने वाले के भक्षक बनने की बात को दिखाया गया है.

इस विवाद से और बढ़ी मुश्किलें

पिछले दिनों आशीष ने शहर के टीडीआई पुल के पास कुछ पुलिसकर्मियों और निजी वाहन चालकों का वीडियो बनाया था, जिसमें आशीष ने घूसखोरी का आरोप लगाया था. इसी बात को लेकर वहां तैनात एएसआई और आशीष के बीच सड़क पर हाथापाई हो गई, जिसका वीडियो भी आशीष ने वायरल कर दिया था.

इस मामले में आशीष के खिलाफ सेक्टर 13-17 थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. साथ ही, जिन निजी वाहन चालकों से आशीष ने पैसे लेने की बात कही थी उनके कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए गए. इन बयानों में तीनों चालकों ने रुपये के लेन- देन से इनकार किया था.

जेल से बाहर है आशीष

आशीष ने केस दर्ज होने की बात पता चलने के बाद खुद गिरफ्तारी की बात कही थी लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट ने सभी पहलुओं को सुनने के बाद आशीष को जेल भेज दिया. अगले दिन उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई. 7 दिन बाद जब दोबारा याचिका दाखिल की गई तो उसे मंजूर कर लिया गया. फिलहाल, आशीष जेल से बाहर है.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.