यमुनानगर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को हरियाणा के यमुनानगर दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वो यमुनानगर में 800 मेगावाट के थर्मल यूनिट का शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए हरियाणा सरकार में बिजली मंत्री अनिल विज ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए प्रबंधों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
अनिल विज ने दिए निर्देश
बिजली मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को देखते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम में आने वाली जनता के लिए पीने के पानी, शौचालय, पार्किंग स्थल, सुरक्षा एवं बैठने की व्यवस्था के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के रूट प्लान, वीआईपी टॉयलेट, मीडिया सेंटर की व्यवस्था व मीडिया सेंटर में स्थापित किए जाने वाले उपकरणों, मंच पर बैठने की व्यवस्था समेत अन्य विषयों पर विस्तार से अधिकारियों से चर्चा की.
दूसरे राज्यों पर से खत्म होगी निर्भरता
अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को यमुनानगर में 800 मेगावाट के थर्मल यूनिट का शिलान्यास करेंगे. इस यूनिट के स्थापित होने से प्रदेश को बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा. यहां सुपर क्रिटिकल थर्मल यूनिट स्थापित की जाएगी, जो अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी और इससे पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा खेदड़ थर्मल पॉवर प्लांट में भी इसी तरह की एक और यूनिट स्थापित करने की योजना हमारी सरकार ने बनाई है. इसके अलावा पानीपत थर्मल पॉवर प्लांट में भी दो और यूनिट लगाने की योजना है. अनिल विज ने कहा कि हरियाणा राज्य बिजली के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर है. हम आत्मनिर्भर बनें, इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. प्रदेश की जनता को पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में हम लगातार प्रयास कर रहे हैं.
