खुशखबरी: पानीपत शहर में 52 करोड़ से बनेगा नया रेलवे ओवरब्रिज, मात्र 3 मिनट में पहुंचेंगे जीटी रोड

पानीपत | केंद्र सरकार में उर्जा एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार को पानीपत दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के भूमि पूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग इस ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है. इस पुल के निर्माण से शहर को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और इंडस्ट्रियल एरिया में आवाजाही सुगम होगी.

Railway Overbridge

पानीपत में 52 करोड़ से होगा निर्माण

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि इस रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को 2 साल में पूरा कर लिया जाएगा और इस प्रोजेक्ट पर 52 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. आधुनिक तकनीक पर निर्धारित इस रेलवे ओवरब्रिज को सिंगल पिलर डिजाइन पर निर्मित किया जाएगा, जिससे यह मजबूत और टिकाऊ होने के साथ-साथ वाहनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा.

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि इस रेलवे ओवरब्रिज का नामकरण भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर किया जाएगा. साथ ही पुल परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरित होकर समाज उत्थान के लिए काम कर सके.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के मंत्री ने दिखाया सरल- अनोखा अंदाज, उकडू बैठकर सुनी लोगों की समस्याएं

3 मिनट में पहुंचेंगे जीटी रोड

मनोहर लाल ने कहा कि पिछले 10 सालों में हरियाणा प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं. पूरे हरियाणा का एक समान विकास करते हुए आमजन की बुनियादी सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह रेलवे ओवरब्रिज केवल एक निर्माण परियोजना नही बल्कि पानीपत के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है. इसके बनने से अंबाला और जींद रेलवे लाइन की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और वाहन मात्र 3 मिनट में जीटी रोड पर पहुंच सकेंगे. सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यह प्रोजेक्ट भी उसी सोच का परिणाम है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.