पानीपत | हरियाणा की टेक्सटाइल नगरी पानीपत को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब शहर में तहसील कैंप से सेक्टर-11 कट तक कुल 5.5 मीटर लंबे जीटी रोड हिस्से की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा. इसके लिए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने योजना तैयार की है. सर्वे का काम पूरा हो चुका है और सोमवार से टीम प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए धरातल पर काम शुरू कर देगी.
बढ़ेगी जीटी रोड की चौड़ाई
NHAI ने पानीपत शहर में जीटी रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए 18 करोड़ का टेंडर अलॉट किया है. योजना के मुताबिक, जीटी रोड और सर्विस लेन के बीच में बने फुटपाथ के नीचे वाले नाले को दुकानों के साथ शिफ्ट किया जाएगा. वहीं, एलिवेटिड पुल के नीचे से ग्रिल को हटाकर पीछे किया जाएगा. इससे जीटी रोड की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़कर 5.5 मीटर हो जाएगी. अभी जीटी रोड की चौड़ाई 9 मीटर है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात
अभी सर्विस रोड और नाला, दोनों के ऊपर वाहन खड़े रहते हैं. लेकिन अब नाले को यहां से हटाकर दुकान के साथ बनाया जाएगा तो सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ जाएगी. इस तरह शहर के लोगों को कुछ हद तक ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. वहीं, वर्तमान में मौजूद एलएंडटी का नाला 16 साल पुराना है. इस योजना के तहत नए सिरे से दोनों और नालों का निर्माण किया जाएगा. इससे जीटी रोड पर जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी.
विधायक की मेहनत लाई रंग
बता दें कि साल 2008 में पानीपत शहर को ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए 10 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था. लेकिन इससे ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने का उद्देश्य पूरा नहीं हुआ बल्कि जाम की समस्या और अधिक गहरा गई. अब पिछले तीन साल से जीटी रोड की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर क्षेत्र के बीजेपी विधायक प्रमोद विज लगातार प्रयासरत थे.
पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के संज्ञान में आने पर इसका प्रस्ताव NHAI मुख्यालय भेजा गया था. वहां से छह महीने पहले इस प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान की गई थी और अब इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा.
