पानीपत | हरियाणा के पानीपत की नई अनाज मंडी में बासमती धान की आवक बढ़ने के साथ किसानों को इस सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा भाव मिला है. शुक्रवार को मंडी में 1509 किस्म के बासमती धान की करीब 7000 क्विंटल आवक दर्ज की गई. इस दौरान बासमती धान 3900 से 4171 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका. हालांकि, खरीद प्रक्रिया के बीच पोर्टल का सर्वर धीमा होने से किसानों को गेटपास बनवाने में परेशानी उठानी पड़ रही है.
नई अनाज मंडी में सुबह से ही किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बासमती धान लेकर पहुंचने लगे थे. आढ़तियों के यहां फसल की खरीद शुरू हो चुकी है. खरीद से पहले धान की गुणवत्ता और नमी की जांच की जा रही है, जिसके बाद बोली लगाकर भाव तय किया जाता है.
4171 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा भाव
बासमती की अलग-अलग किस्मों और उनकी गुणवत्ता के आधार पर किसानों को कीमत मिल रही है. अनाज मंडी मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन बलवान शर्मा के मुताबिक, मंडी में बासमती धान की आवक लगातार बढ़ रही है. फिलहाल मंडी में बासमती की ही खरीद हो रही है. पीआर धान की खरीद अभी शुरू नहीं हुई है. धान की आवक बढ़ने के बीच मंडी के पोर्टल की धीमी रफ्तार किसानों और आढ़तियों के लिए परेशानी बन गई है. सर्वर धीमा चलने के कारण एक गेटपास तैयार होने में करीब 15 मिनट का समय लग रहा है.
परेशानी बढ़ने की आशंका
सिवाह के किसान रामसिंह ने बताया कि यदि आने वाले दिनों में धान की आवक इसी तरह बढ़ती रही और सर्वर की समस्या दूर नहीं हुई, तो गेटपास बनवाने में किसानों को और ज्यादा परेशानी हो सकती है. मंडी में खरीदारी शुरू होने से किसानों और आढ़तियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं, लेकिन पोर्टल की धीमी गति के कारण फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को अतिरिक्त समय देना पड़ रहा है.
इस वजह से किसानों को गेटपास बनवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है. आवक बढ़ने के साथ यह समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है.
