पानीपत में लहंगा पसंद न आने की वजह से रुकी शादी, बिना दुल्हन के लौटी बारात; मौके पर पहुंची पुलिस

पानीपत | हरियाणा के पानीपत में लहंगे की वजह से एक शादी में अड़ंगा पड़ गया. दरअसल, दुल्हन को लेने आए दूल्हा पक्ष के लोग हैरान रह गए. जब दुल्हन पक्ष की तरफ से लहंगे को लेकर सवाल उठाए गए. लड़के वालों की तरफ से लाया गया लहंगा दुल्हन को पसंद नहीं आया. इसके अलावा, सोने की जगह आर्टिफिशियल ज्वेलरी और जयमाला न लाने पर भी दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए. उसके बाद, मैरिज प्लेस में दोनों पक्षों की बीच गहमागहमी हो गई.

DULHAN

मौके पर पहुंची पुलिस

दुल्हन की मां ने आरोप लगाए कि लहंगा पुराना है, इससे बदबू आ रही है. दूसरी तरफ दूल्हा भी गुस्से में आकर खुद ही बैग में लहंगा पैक करता हुआ नजर आया. विवाद बढ़ने पर पुलिस की डायल 112 की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने दोनों पक्षों को समझाया. लहंगे और ज्वेलरी की बात को लेकर लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात वापस अमृतसर लौट गई. दोनों पक्षों की तरफ से किसी ने भी पुलिस को कोई शिकायत नहीं सौंपी है.

23 फरवरी की घटना

यह घटना 23 फरवरी को भाटिया कॉलोनी स्थित एक मैरिज हॉल की बताई जा रही है. 24 फरवरी को इस हंगामे का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद यह घटना सामने आई. इस बारे में बताते हुए लड़की की मां ने कहा, “मैं मजदूरी करती हूं. 25 अक्टूबर 2024 को पंजाब के अमृतसर में हमने अपनी छोटी बेटी का रिश्ता तय किया था. दूसरी जगह बड़ी बेटी का रिश्ता किया.

बड़ी बेटी के ससुरालवालों ने 2 साल बाद शादी करने की बात कही. मैंने छोटी बेटी की शादी भी बड़ी बेटी की शादी के साथ करने की सोची, लेकिन रिश्ता होते ही लड़के वाले शादी के लिए दबाव बनाने लगे. हमने 23 फरवरी को शादी तय कर दी. अमृतसर से बारात आई. लड़के वाले दुल्हन के लिए पुराना लहंगा और आर्टिफिशियल जेवरात लाए. जयमाला तक नहीं लाए.”

लड़की की मां ने लगाए आरोप

महिला ने जानकारी दी कि लड़के पक्ष ने कहा कि हमारे यहां जयमाला का रिवाज नहीं है. उन्होंने हमारे साथ हाथापाई की और तलवार निकाल कर मारपीट करने को उतारू हो गए. उन्होंने हमसे लहंगा मंगवाने के एवरेज में ₹13,000 एडवांस लिए और बाद में इंकार कर दिया. इसी प्रकार होटल के कमरे को बुक करा कर भी मना कर दिया गया. लड़के पक्ष के लोगों ने हम पर ₹1,00,000 मांगने का आरोप लगाया और पुलिस को शिकायत दे दी, जबकि हमने ऐसी कोई भी मांग नहीं की थी. अगर शादी से पहले यह लोग ऐसा कर रहे हैं, तो बाद में हमारी बेटी कैसे ठीक रह पाएगी.

दूल्हे के भाई ने लगाए यह आरोप

लड़की की एक रिश्तेदार और मां ने लहंगा दिखाते हुए कहा कि यह भी कोई लहंगा है, यह पुराना है और इसमें से बदबू आ रही है. यह इस्तेमाल किया हुआ है. इसके अंदर लेस निकली हुई है और ₹20 वाली डोरी लगाई गई है. लड़के पक्ष की तरफ से दूल्हे के भाई ने कहा, “हमने शादी के लिए करीब 2 साल का समय मांगा था, लेकिन लड़की वाले बार- बार दबाव बनाते रहे. हमसे उन्होंने 10 हजार रुपए हॉल बुक कराने के नाम के लिए. लहंगा कभी 20 हजार तो कभी 30 हजार रुपए का बताया. हमने अभी नया घर बनाया था. किसी तरह ब्याज पर पैसे लेकर हमसे जो बना, वह हम लेकर आए थे.”

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts