रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिलावासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां शहर के भाड़ावास रोड पर एक साल पहले बनकर तैयार हुएं ओवरब्रिज के साथ-साथ जल्द ही दोनों साइड 18-18 फीट चौड़ी सर्विस रोड़ का निर्माण किया जाएगा. इससे वाहन चालकों के लिए मुख्य सड़क पर चढ़ना व उतरना आसान हो जाएगा.

सर्विस रोड़ की चौड़ाई बढ़ने से मिलेगा फायदा
फिलहाल यहां ओवरब्रिज के साथ-साथ सर्विस रोड़ तो बनी हुई है लेकिन उसकी चौड़ाई मात्र 5 से 6 फीट ही है जिससे फोर व्हीलर वाहनों को निकलने में खासी परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसे में अब सर्विस रोड़ की चौड़ाई बढ़ाने के लिए रास्ते में पड़ने वाली जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. इसमें कुछ मकान व दुकानें भी शामिल हैं. इन लोगों को सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि दी जाएगी और उसके बाद जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा.
बता दें कि जून 2025 में इस ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दिखा दी गई थी लेकिन सर्विस रोड़ के लिए मुश्किल से लगभग 5 फीट जमीन ही बची थी जिसकी वजह से सर्विस रोड़ का निर्माण नहीं हो पाया. सर्विस रोड़ का निर्माण नहीं होने के चलते हंसनगर, कंपनी बाग और परशुराम कालोनी में रहने वाली हजारों की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. अब 18-18 फीट चौड़ी सर्विस रोड़ बनने से लोगों को इस समस्या का स्थाई समाधान मिलेगा. सर्विस रोड़ की चौड़ाई बढ़ने से इन तीनों ही कालोनियों की गलियों में रहने वाले लोगों को सीधे रास्ते की सुविधा मिलेगी.
16 करोड़ रुपए मिलेगा मुआवजा
सर्विस रोड़ निर्माण के लिए जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी, उन्हें करीब साढ़े 16 करोड़ रुपए मुआवजा राशि मिलेगी. कंपनी बाग में 60 हजार, न्यू आदर्श नगर और परशुराम कालोनी में 40-40 हजार रुपए प्रति वर्ग गज की दर से मुआवजा दिया जाएगा.