रेवाड़ी | राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को लेकर रेवाड़ी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. 6 सितंबर को होने वाले इस आयोजन में करीब 90 हजार प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक विशेष इंतजाम किए हैं.
मैराथन के दौरान ड्रोन और CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी. सुरक्षा के लिए थ्री लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था रहेगी. वहीं 5 और 6 सितंबर को शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा.
स्टेडियम से निकलेगी मैराथन
रविवार सुबह 5 बजे कार्यक्रम शुरू होगा और 6 बजे राव तुलाराम स्टेडियम से 10 किलोमीटर मैराथन रवाना होगी. प्रतिभागी राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए गढ़ी बोलनी रोड स्थित BMG Elegant City पहुंचेंगे. यहां से यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे. प्रतिभागियों को शनिवार को राव तुलाराम पार्क में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किट और बीब्स दिए जाएंगे. 5 सितंबर शाम 5 बजे से 6 सितंबर दोपहर 12 बजे तक धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर NH-52 फ्लाईओवर से अभय सिंह चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. 6 सितंबर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड के निर्धारित हिस्से पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा.
🚨 रेवाड़ी हाफ मैराथन को लेकर रेवाड़ी पुलिस अलर्ट 🏃♂️🏃♀️
एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, IPS ने अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर मैराथन की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश।
🔹 करीब 90 हजार धावकों एवं दर्शकों के पहुंचने की संभावना
🔹 कार्यक्रम… pic.twitter.com/wg5B0T72N6— Rewari Police (@rewaripolice) September 4, 2026
नारनौल और महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़, प्रजापति चौक और NH-352 के रास्ते जा सकेंगे. बसों के लिए भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं.
सुविधाओं का इंतजाम
नए बस स्टैंड के पास और दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के पास पार्किंग बनाई गई है. SP हेमेंद्र कुमार मीणा ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट और पार्किंग का पालन करने की अपील की है. मैराथन में हरियाणवी गायक नवीन पुनिया और सत्यन लांबा प्रस्तुति देंगे. कार्यक्रम में ‘नशामुक्त हरियाणा’ की थीम रहेगी. स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस, पेयजल और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है.
