रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले से यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि 13 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. बुधवार यानि कल बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भूमि पूजन कर बस स्टैंड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.

रेवाड़ी शहर के रामगढ़ रोड के दक्ष प्रजापति चौक पर बनने वाले इस नए बस स्टैंड के निर्माण पर 40 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. 20 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस बस स्टैंड के निर्माण कार्य को 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. बता दें कि साल 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस नए बस स्टैंड का शिलान्यास किया था.
शहर को मिलेगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा
मौजूदा बस स्टैंड की बात करें तो वह शहर के बीचोंबीच स्थित है जिससे शहर में अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. वहीं, दूसरे जिलों से आने वाली बसों को भी बस स्टैंड तक आवाजाही करने में जाम की वजह से काफी समय लग जाता है. ऐसे में अब बस स्टैंड शहर से बाहर शिफ्ट होने पर शहर से बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलेगी. हालांकि, शहर से बस स्टैंड की दूरी ज्यादा होने के चलते बाजार, रेलवे स्टेशन और सचिवालय के लिए आवाजाही करने वालों को खासी परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
बता दें कि नए बस स्टैंड का निर्माण रामगढ़ रोड पर किया जा रहा है. फिलहाल रामगढ़ रोड पर बसों की एंट्री और एग्जिट आउटर सर्कुलर रोड पर ही रहेगी. जिससे नया बस स्टैंड बनने के बाद भी बसों की हाइवे पर आवाजाही दिल्ली रोड से ही रहेगी. रामगढ़ रोड न केवल सीधा हाइवे से जुड़ा हुआ है बल्कि इससे आवाजाही करने पर दूरी आधे से भी ज्यादा कम हो जाती है.
रेवाड़ी को मिलेगी नई पहचान
इस शुभ अवसर पर बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस रहने वाले इस बस स्टैंड से रेवाड़ी को नई पहचान मिलेगी. इस बस स्टैंड परिसर में 5 एकड़ जमीन पर वर्कशॉप और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा. बस स्टैंड भवन 2 मंजिला होगा. यहां भवन निर्माण कार्य पर 40 करोड़ रुपए और 25 करोड़ रुपए अन्य कार्यों पर खर्च होंगे.