रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी- नारनौल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी और रींगस के बीच अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन दो ट्रिप में संचालित होगी. इससे रेवाड़ी, अटेली, नारनौल और रींगस के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी. खासतौर पर रात में यात्रा करने वालों को इसका फायदा होगा.
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 09633 रेवाड़ी- रींगस अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल 4 और 7 सितंबर को रात 10:50 बजे रेवाड़ी से रवाना होगी. ट्रेन रात 11:19 बजे अटेली पहुंचेगी और 11:21 बजे रवाना होगी. नारनौल में रात 11:37 से 11:39 बजे तक ठहराव रहेगा.
5 और 8 सितंबर को होगी वापसी
नारनौल के बाद ट्रेन डाबला, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 1:45 बजे रींगस पहुंचेगी. वापसी के लिए गाड़ी संख्या 09634 रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल 5 और 8 सितंबर को चलेगी. यह ट्रेन रात 2:05 बजे रींगस से रवाना होगी. नारनौल स्टेशन पर इसका ठहराव सुबह 3:36 से 3:38 बजे तक और अटेली में 3:51 से 3:53 बजे तक रहेगा. इसके बाद ट्रेन सुबह 5:10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.
डेमू रैक से होगा संचालन
रेलवे के अनुसार, इस विशेष रेलसेवा को 16 डिब्बों वाले डेमू रैक से चलाया जाएगा. सीमित अवधि के लिए शुरू की गई इस सेवा से दैनिक यात्रियों के साथ नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय का ध्यान रखें और यात्रा के लिए समय से पहले स्टेशन पहुंचें, ताकि इस विशेष रेलसेवा का आसानी से लाभ लिया जा सके.
