रेवाड़ी | अगले 4 दिन रेल से सफर करने वाले यात्रियों को ट्रेन का शेड्यूल देखकर निकलना होगा. अलवर स्टेशन यार्ड में फुट ओवर ब्रिज से जुड़े तकनीकी कार्य के कारण रेलवे ब्लॉक ले रहा है. इसका असर 19 से 22 सितंबर तक रेल सेवाओं पर रहेगा. कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशन पर रोककर वापस चलाया जाएगा, जबकि रेवाड़ी से जुड़ी दो ट्रेनें 22 सितंबर को आंशिक रूप से रद्द रहेंगी.
गाड़ी संख्या 59630 फुलेरा-रेवाड़ी 22 सितंबर को फुलेरा से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी, लेकिन इसका सफर बांदीकुई में खत्म हो जाएगा. बांदीकुई से रेवाड़ी के बीच ट्रेन नहीं चलेगी.
ये रहेगा शेड्यूल
इसी दिन गाड़ी संख्या 59629 रेवाड़ी-फुलेरा की शुरुआत रेवाड़ी से नहीं होगी. इसे बांदीकुई से फुलेरा के लिए चलाया जाएगा. इसके कारण रेवाड़ी-बांदीकुई के बीच यात्रियों को इस ट्रेन की सुविधा नहीं मिलेगी. मथुरा-अलवर रूट पर भी ब्लॉक का असर रहेगा. गाड़ी संख्या 51971 मथुरा-अलवर 19 से 22 सितंबर तक केवल गाजिका तक जाएगी. गाजिका-अलवर के बीच इसे आंशिक रूप से रद्द रखा जाएगा. गाड़ी संख्या 51972 अलवर-मथुरा भी अलवर की जगह गाजिका से रवाना होगी.
रींगस के लिए स्पेशल ट्रेन
दूसरी तरफ रींगस जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 21 और 22 सितंबर को रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल चलाने का फैसला किया है. गाड़ी संख्या 09717 सुबह 10:30 बजे रेवाड़ी से चलकर दोपहर 2 बजे रींगस पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 09718 दोपहर 2:55 बजे रींगस से रवाना होगी और शाम 6:40 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. ट्रेन कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर में रुकेगी. इसमें 13 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड समेत कुल 15 डिब्बे होंगे. ट्रेन अनारक्षित होने के कारण सफर के लिए पहले से रिजर्वेशन की जरूरत नहीं होगी.
