रेवाड़ी सर्कुलर रोड निर्माण से बढ़ी परेशानी, जाम में फंसे लोग

रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी शहर में सर्कुलर रोड को PWD द्वारा धारूहेड़ा चुंगी से अंबेडकर चौक तक उखाड़ दिया गया है. सड़क वन- वे होने के कारण पहले से ही क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती थी लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू होने से समस्या और बढ़ गई है. बाहरी कॉलोनियों से बाजार आने- जाने वाले लोगों को कोनसीवास रोड, दिल्ली रोड और कालका रोड की बजाय आजाद चौक और अंबेडकर चौक के रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है. सड़क तोड़े जाने और मलबा पड़े रहने से स्थानीय दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हुआ है.

Traffin Jam 1

कई दुकानदारों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उनका कामकाज लगभग ठप हो गया है. डर के कारण अधिकतर व्यापारी खुलकर विरोध भी नहीं कर पा रहे हैं. इस साल की शुरुआत में भी इसी सड़क के दूसरे हिस्से को तोड़कर निर्माण किया गया था जिससे लंबे समय तक वन -वे व्यवस्था लागू रही थी और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी.

करोड़ों की लागत से होगा तैयार

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने 1 जून को सर्कुलर रोड को तोड़ने का काम शुरू किया था. पिछले सप्ताह धारूहेड़ा चुंगी तक सड़क का हिस्सा पूरी तरह तोड़ दिया गया. अभी भी मलबा सड़क पर पड़ा हुआ है जिससे आवागमन बाधित हो रहा है. करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का नया निर्माण किया जाएगा. इसमें लगभग 1 फीट गहराई तक कंक्रीट बिछाने का काम प्रस्तावित है. निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को एक माह का समय दिया गया था लेकिन मौजूदा हालात में समय पर काम पूरा होना मुश्किल माना जा रहा है.

यह भी पढ़े -  रेवाड़ी की शर्मिला धनखड़ ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता गोल्ड मेडल

वैकल्पिक मार्ग तय

यह सड़क शहर के प्रमुख बाजार, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन को जोड़ती है इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ जाता है. नारनौल, महेंद्रगढ़, दिल्ली, रोहतक और पटौदी की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं जिससे यहां ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है. फिलहाल, जाम से बचने के लिए पुलिस रूट डायवर्जन पर विचार कर रही है. दिल्ली, पटौदी, रोहतक और झज्जर की ओर जाने वाले वाहनों को आउटर सर्कुलर रोड से राजेश पायलट चौक होते हुए गढ़ी बोलनी रोड या बावल रोड की ओर भेजा जा सकता है. वहीं, नारनौल और महेंद्रगढ़ से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए जा रहे हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.