रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी में सस्ती दरों पर खुद के घर का सपना पूरा करने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा शहर के आसपास 8 नए सेक्टर बसाने की मेगा योजना तैयार की गई है. इस योजना के तहत, रेवाड़ी और धारूहेड़ा के साथ लगते गांवों की करीब 1465 एकड़ भूमि चिह्नित कर ई- भूमि पोर्टल पर विवरण साझा किया गया है.
इस बार HSVP ने जमीन अधिग्रहण के लिए पुरानी प्रकिया की बजाय सहमति का रास्ता चुना है. प्रदेश सरकार द्वारा किसानों से सीधी बातचीत की जाएगी और जो किसान अपनी इच्छा से जमीन देंगे, उन्हीं की जमीन पर सेक्टर विकसित किया जाएगा.
रफ्तार पकड़ेगा रेवाड़ी का विकास
HSVP द्वारा ई- भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदी जाएगी. इस पोर्टल पर भूमि मालिकों को अपनी जमीन संबंधी जानकारी देनी होगी. जमीन चिह्नित होने के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बैठकें होंगी. इसमें वर्तमान मार्केट रेट और कलेक्टर रेट को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से मुआवजा राशि तय की जाएगी.
रेवाड़ी में एक साथ 8 नए सेक्टर विकसित होने से जिले के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी. नए सेक्टरों के विकसित होने से न केवल लोगों के घर का सपना पूरा होगा बल्कि बाहरी निवेशकों के आने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. खासकर कमर्शियल सेक्टरों के बनने से और भी तगड़ा फायदा पहुंचेगा.
बनेंगे आवासीय और कमर्शियल सेक्टर
सेक्टर- 14 (आवासीय): यह सबसे बड़ा प्रस्तावित सेक्टर है. इसके लिए रेवाड़ी शहर और कुतुबपुर मोला गांव की लगभग 560 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है. यह शहर के रिहायशी दबाव को कम करने में मददगार साबित होगा.
सेक्टर- 23 (आवासीय): यहां कालका, गुरदास माजरा, कोनसीवास और माढिया कलां जैसे गांवों की 250.70 एकड़ जमीन पर सुंदर पार्क और आधुनिक सुविधाओं वाला आवासीय क्षेत्र विकसित होगा.
सेक्टर- 38 (आवासीय): काठुवास, डवाना और लालपुर की 227.25 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा.
सेक्टर- 29B (कमर्शियल): व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए डवाना गांव की 234.88 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है.
सेक्टर- 31 (कमर्शियल): बरियावास, गुरदास माजरा और भूडला की 194.65 एकड़ जमीन पर बड़े शॉपिंग मॉल, शोरूम और ऑफिस स्पेस की तैयारी है.
धारूहेड़ा क्षेत्र के महत्वपूर्ण सेक्टर
सेक्टर- 5A (पब्लिक व सेमी पब्लिक): धारूहेड़ा में 53 एकड़ भूमि पर स्कूल, अस्पताल और सामुदायिक केंद्रों जैसे सार्वजनिक भवनों का निर्माण किया जाएगा.
सेक्टर- 5C (कमर्शियल): धारूहेड़ा और माहेश्वरी की साढ़े 20 एकड़ जमीन पर छोटा लेकिन प्रीमियम कमर्शियल सेंटर बनेगा.
सेक्टर- 20 (कमर्शियल): माहेश्वरी और गढ़ी अलावलपुर की 125 एकड़ जमीन पर एक और बड़ा कमर्शियल प्रोजेक्ट प्रस्तावित है.
