रेवाड़ी | स्थानीय रोडवेज डिपो को इसी महीने पांच और इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं. नई बसों के आने के साथ शहर में लंबे समय से प्रस्तावित सिटी बस सेवा शुरू होने की उम्मीद भी तेज हो गई है. इससे यात्रियों को बेहतर और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. वहीं, ऑटो चालकों की मनमानी पर भी काफी हद तक रोक लग सकेगी. शहर के सरकुलर रोड पर करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए यात्रियों से 20 से 25 रुपये तक किराया लिया जा रहा है.

सिटी बस सेवा शुरू होने के बाद यह किराया लगभग आधा रह जाएगा. इलेक्ट्रिक बसों में किराया किलोमीटर के हिसाब से तय होता है, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.
रेवाड़ी में चलेगी सिटी बसें
रेवाड़ी डिपो को पहले ही 5 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं, जिनका संचालन पुराने बस स्टैंड से बावल रूट पर किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, इस रूट पर बड़ी संख्या में ऑटो चलने के बावजूद इलेक्ट्रिक बसों को करीब 64 रुपये प्रति किलोमीटर तक की आय हो रही है. इससे इलेक्ट्रिक बसों की उपयोगिता और यात्रियों की बढ़ती पसंद का भी पता चलता है. शहर के सेक्टर- 12 में नए बस अड्डे के साथ करीब तीन एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण भी तेजी से चल रहा है.
सुविधाएं और बेहतर
निर्माण एजेंसी को 6 महीने के भीतर यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है. डिपो तैयार होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव की सुविधाएं और बेहतर हो जाएंगी. परिवहन विभाग ने रेवाड़ी रोडवेज डिपो के लिए कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की हैं. इनमें से 5 बसें पहले ही मिल चुकी हैं और अब इसी महीने पांच नई बसें मिलने की तैयारी है.