रेवाड़ी के इन गांवों में लगेगी विकास कार्यों की झड़ी, 11 करोड़ रुपए का फंड हुआ जारी

रेवाड़ी | हरियाणा के गांवों को विकास की पटरी पर दौड़ाने की कवायद शुरू हो गई है. इसी कड़ी में रेवाड़ी जिले की 152 पंचायतों को करीब 11 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है ताकि गांवों का सर्वांगीण विकास हो सके. सरकार की इस पहल से गांवों में लंबे समय से अटकी हुई समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा. इस आवंटित राशि में रेवाड़ी व बावल खंड के गांवों को सबसे ज्यादा तरजीह दी गई है क्योंकि इन गांवों से समस्याओं को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई थी.

Road Repair

रेवाड़ी में 365 पंचायतें

रेवाड़ी जिले में कुल ग्राम पंचायतों की संख्या का आंकड़ा 365 है और यहां 152 ग्राम पंचायत ऐसी है जिनमें समस्याओं को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें सरकार को प्राप्त हुई है. इन कार्यों में मुख्य रूप से कच्चे रास्ते पक्का करना, श्मशान घाट व कब्रिस्तान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सीमेंटेड टाइलों की सड़क, गलियों में सीसी रोड़, चौपाल का निर्माण व सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था करना आदि है.

इन सभी 152 ग्राम पंचायतों के लिए जिला विकास एवं पंयायत विभाग ने विकास कार्यों के लिए प्रपोजल निदेशालय को भेजा था, जिसको तीन दिन पहले ही मंजूरी मिली है. मई की शुरुआत में ही इन विकास कार्यों के शुरू होने की उम्मीद हैं ताकि ग्रामीणों को सार्वजनिक सुविधाओं के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े.

5 से 7 लाख रुपए का मिला बजट

200 से ज्यादा गांवों की 152 ग्राम पंचायतों को 11 करोड़ रुपए की राशि आवंटित हुई है. इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत को 5 से 7 लाख रुपए तक की राशि विकास कार्यों के लिए दी जाएगी. हालांकि, कुछ ऐसी पंचायतें भी हैं जिनमें ज्यादा विकास कार्य किए जाएंगे. इसलिए उन्हें 9 से 10 लाख रुपए तक की राशि भी प्रदान की गई है.

इन गांवों में लगेगी विकास की झड़ी

पहली सूची में गांव सुलखा, खरखड़ी, हरचंदपुर, मोहम्मदपुर, सांझरपुर, आसरा का माजरा, करनावास, बिठवाना, कमालपुर, भवाड़ी, मीरपुर, हांसाका, डूंगरवास, जौनावास, कालाका, डवाना, भाड़ावास, जाटूवास, सुलखा, रूद, सुठानी, करनावास, डहीना, गुडियानी, उष्मापुर, भैरमपुर, मलेशियावास, श्यामनगर, सुल्हेरी, शाहद्तनगर, नेहरूगढ़, गुर्जरवास, लुखी, बिसोवा, गढ़ी, मुमताजपुर, झोलरी, खुर्शीद नगर, लिलोढ़, नया गांव, बव्वा, भाला, कारोली, नागल पठानी, मुरलीपुर, कोहारड़ नाहड़, झाल, जूड्डी, सुधराणा सहित अन्य गांव शामिल है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.