खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, अब परमानेंट चलेगी रेवाड़ी- रींगस स्पेशल ट्रेन; फटाफट नोट करें टाइमिंग

रेवाड़ी | हरियाणा से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. त्यौहारी सीजन या फिर किसी खास मौके पर संचालित होने वाली रेवाड़ी- रींगस स्पेशल ट्रेन के अब नियमित संचालन को रेलवे ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इससे दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल सहित कई अन्य हिस्सों से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा फायदा पहुंचेगा और उनके लिए बाबा श्री श्याम के दर्शन की डगर आसान हो जाएगी.

Indian Railways Train 1

रेलमंत्री ने पत्र लिखकर दी जानकारी

इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुग्राम लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह को पत्र लिखकर जानकारी साझा की है. इस पत्र में बताया गया है कि ट्रेन नंबर 09637, अब प्रतिदिन सुबह 11 बजे रेवाड़ी स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 02.20 बजे रींगस पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09638, दोपहर 02.55 बजे रींगस से रवाना होकर शाम 06.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.

केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था जिसमें यात्रियों की मांग का हवाला देते हुए रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी ट्रेन के नियमित संचालन की बात कही गई थी. इसके बाद, रेलवे द्वारा इस ट्रेन के नियमित संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है.

यह भी पढ़े -  सोने जैसे चमकने वाले पीतल ने दिलाई खास पहचान, दशकों पुरानी विरासत का गवाह बना हरियाणा का यह जिला

खाटूश्याम श्रद्धालुओं को राहत

रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी ट्रेन के नियमित संचालन को हरी झंडी दिखाए जाने पर दैनिक रेल यात्री संघ के प्रधान योगिंद्र चौहान ने केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत पहुंचेगी. ख़ासतौर पर खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा फायदा पहुंचेगा. श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के श्री श्याम प्रभु के दर्शन कर इसी ट्रेन से वापस घर लौट सकेंगे.

बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कांवट व श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 8 जनरल कोच व गार्ड श्रेणी के दो डिब्बों सहित कुल 10 डिब्बे होंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.