रेवाड़ी | विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में निर्जला एकादशी के अवसर पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं. यात्रियों की सुविधा और नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करने के लिए उत्तर- पश्चिम रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी. इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है. उत्तर- पश्चिम रेलवे की सीनियर मैनेजर (वाणिज्य) पूजा मित्तल ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त ट्रैफिक लोड नहीं बढ़ेगा और श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी.

खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख स्टेशन रींगस पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) के 50 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं जो स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे.
रेवाड़ी- रींगस
उत्तर- पश्चिम रेलवे के चीफ PRO अमित सुदर्शन के अनुसार ट्रेन नंबर 09633/ 09634 रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन रेवाड़ी से 26 जून को और रींगस से 27 जून को संचालित होगी. इसके अलावा, ट्रेन नंबर 09637/ 09638 रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 24, 26 और 29 जून को दोनों दिशाओं में चलाई जाएगी. हरियाणा से खाटूश्यामजी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए 25 से 28 जून तक एक और विशेष ट्रेन सेवा उपलब्ध रहेगी. ट्रेन नंबर 04737 भिवानी- ढेहर का बालाजी स्पेशल ट्रेन 25 जून से 28 जून तक प्रतिदिन भिवानी से रात 12:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:05 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी.
ट्रैफिक लोड नहीं
वापसी में ट्रेन नंबर 04738 ढेहर का बालाजी-भिवानी स्पेशल ट्रेन सुबह 10:25 बजे रवाना होकर शाम 6 बजे भिवानी पहुंचेगी. यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में चरखी दादरी, झाड़ली, कोसली, जाटूसाना, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट, श्रीमाधोपुर, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर और चौमूं सामोद स्टेशनों पर ठहरेगी. ट्रेन में 10 जनरल कोच और 2 गार्ड कोच सहित कुल 12 डिब्बे लगाए गए हैं.