रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले की जनता के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर के सेक्टर-12 में बनने वाले नए बस स्टैंड की रेट अप्रूवल फाइल पर सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता वाली हाई पावर पर्चेज कमेटी ने अपनी मुहर लगा दी है. सरकार द्वारा सिविल वर्क का करीब 42 करोड़ रूपए का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है.
आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
यदि कोई तकनीकी खामी नहीं आती है तो अगले महीने बस स्टैंड भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इस बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाएं जैसे बैठने के विशेष इंतजाम, साफ पानी, साफ-सुथरे शौचालय आदि उपलब्ध कराई जाएगी.
इस बस स्टैंड पर 5 ब्लॉक होंगे जिसके मुख्य ब्लॉक में बस बूथ की सुविधा होगी. वहीं, वर्कशॉप में बसों की मरम्मत, यार्ड मास्टर ब्लॉक सहित ऐनसिलिरी रोड व सर्विस पिट की व्यवस्था रहेगी. इसके साथ ही करीब 3 एकड़ जमीन पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा.
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
बता दें कि पिछले साल अगस्त महीने में 42 करोड़ रुपए के सिविल वर्क के लिए PWD की ओर से रेवाड़ी बस स्टैंड भवन निर्माण के लिए टेंडर लगाया गया था, जो 30 अगस्त को खुल गया था. बिड लगाने वाली एजेंसियों की वेरिफिकेशन के बाद मुख्यालय को फाइल भेज दी गई थी, लेकिन एजेंसी का नाम फाइनल नहीं होने के कारण अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया था. अब एजेंसी फाइनल होने से जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखाई जाएगी.
रेवाड़ी बस स्टैंड भवन निर्माण की रेट अप्रूवल फाइल को हाई पावर पर्चेज कमेटी ने अनुमति प्रदान कर दी है. हमारी ओर से बस स्टैंड जमीन की साफ-सफाई कराते हुए निशानदेही के कार्य को पूरा कर लिया गया है. अगले महीने निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा- सत्येन्द्र श्योराण, कार्यकारी अभियंता PWD
