रेवाड़ी | धारूहेड़ा कस्बे में वर्षों से ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. करीब 15 साल से फाइलों और कानूनी अड़चनों में फंसी 44 फुट चौड़ी सेक्टर रोड परियोजना अब आखिरकार आगे बढ़ने जा रही है. इस वैकल्पिक सड़क के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है. करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क तैयार होने के बाद कस्बे में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है.

HSVP की ओर से इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पहले प्रस्तावित किया गया था, लेकिन भूमि विवाद के कारण मामला अदालत पहुंच गया. परियोजना बीच में ही रुक गई और लोगों को वर्षों तक जाम की परेशानी झेलनी पड़ी. अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.
सड़क का मिला तोहफा
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए प्रभावित अधिकांश जमीन मालिकों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है. जिन लोगों ने अब तक किसी कारण से मुआवजा नहीं लिया, उनकी राशि नियमानुसार सरकारी खजाने में जमा करा दी गई है. भविष्य में इस भूमि विवाद को लेकर अदालत जो भी अंतिम फैसला देगी, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह 44 फुट चौड़ी सेक्टर रोड धारूहेड़ा पुलिस स्टेशन के पास से शुरू होकर सैनी कॉलोनी और मातादीन कॉलोनी से गुजरते हुए सीधे सोहना- पलवल- रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग- 919 से जुड़ेगी.
पुलिस स्टेशन से सैनी कॉलोनी तक सड़क का एक बड़ा हिस्सा पहले ही तैयार किया जा चुका है. अब शेष हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद यह मार्ग वाहनों के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता बन जाएगा.
जाम से राहत
इस सड़क के बनने से भारी वाहनों को कस्बे के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सबसे ज्यादा फायदा भगत सिंह चौक और मुख्य हाईवे पर देखने को मिलेगा, जहां अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहता है. नई सड़क शुरू होने के बाद यहां वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों का समय भी बचेगा. रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि धारूहेड़ा में करीब 15 साल से अधर में लटकी 44 फुट चौड़ी सड़क को बनाने की अनुमति मिल चुकी है. करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के पूरा होने के बाद कस्बे को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी.