शहरी निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी हरियाणा कांग्रेस, रेवाड़ी व धारूहेड़ा में घोषित किए उम्मीदवार

रेवाड़ी | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने इसमें बाजी मारते हुए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर प्रत्याशी घोषित कर चुकी हैं. वहीं, अब पार्टी ने रेवाड़ी नगर परिषद् और धारूहेड़ा नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं.

INC Congress

जिला प्रधान की पत्नी को टिकट

रेवाड़ी नगर परिषद् में चेयरमैन पद पर होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने निहारिका चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. निहारिका चौधरी शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी की पत्नी हैं. उनकी सास हीरो देवी 2 बार पार्षद रही है जबकि ससुर चौधरी हंसराज जाटव समाज के प्रधान हैं. पूरा परिवार शुरुआत से ही कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ है और नियमित रूप से सक्रियता दिखाते हुए पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहा है.

पुराना कांग्रेसी परिवार

धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए कांग्रेस पार्टी ने कुमारी राज के नाम की घोषणा की है. उनके पूरे परिवार की गिनती पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के बेहद करीबियों में होती है. उन्हीं के समर्थन से कुमारी राज को उम्मीदवार घोषित किया गया है. कुमारी राज के ससुर अभय सिंह धारूहेड़ा पंचायत के सरपंच और जिला पार्षद रह चुके हैं. वहीं, सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी की ओर से अभी तक किसी भी जगह पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया गया है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा कांग्रेस विधायक के बयान से गर्माया सूबे का सियासी पारा, 5 मई को हनुमानजी के भंडारे में लेंगे बड़ा फैसला

10 मई को होगी वोटिंग

पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.

यह रहेगा शेड्यूल

प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों के लिए 21- 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 अप्रैल को नामांकन वापसी के साथ शाम को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे. इसके अलावा पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1- 1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए उपचुनाव की वोटिंग भी 10 मई को होगी. उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे.

पहली बार होगा जब NOTA का बटन तो होगा लेकिन इससे चुनाव नतीजों पर असर नहीं पड़ेगा. वोटिंग EVM से होगी लेकिन वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.