रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी में एक जवान ने सरकारी नौकरी से अपनी विदाई को बेहद खास बना दिया. हरियाणा पुलिस से रिटायरमेंट के बाद वह हेलिकॉप्टर से अपने घर पहुंचा. इस दौरान उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और सभी ग्रामीणों ने उसका जोरदार तरीके से स्वागत किया.
हेलिकॉप्टर से पहुंचा गांव
बावल क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी विजय सिंह पुलिस महकमे से रिटायर होने के बाद हेलिकॉप्टर से अपने घर पहुंचा. हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए साथ लगते गांव के सरकारी स्कूल में हेलिपैड बनाया गया था. हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने पगड़ी, फूलों और नोटों की माला पहनाकर उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया.
परिवार की इच्छा को पूरा किया
विजय सिंह ने बताया कि परिवार की इच्छा थी कि रिटायरमेंट के बाद वह हेलिकॉप्टर से अपने घर पहुंचे. इसलिए रिटायरमेंट के बाद उसने परिवार की इच्छा को पूरा करते हुए हेलिकॉप्टर बुक किया. उसने राजस्थान के चौमू से उड़ान भरी और अपने गांव पहुंचा. उसने बताया गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा किए गए स्वागत का वह आभारी रहेगा.
पहले सेना फिर पुलिस में भर्ती
गांव जलालपुर निवासी विजय सिंह ने बताया कि 1986 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था. यहां 17 साल देश की सेवा करने के बाद 2003 में रिटायर हुआ और इसी साल हरियाणा पुलिस में नौकरी मिल गई थी. उन्होंने सेना और पुलिस में करीब 39 साल तक ईमानदारी से अपनी सेवा दी. नौकरी से रिटायर होना एक भावनात्मक पल होता है, जोकि नौकरीपेशा लोगों के जीवन में एक दिन अवश्य आता है.
