रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी शहर में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. वैसे तो यह शादी आम शादियों की तरह ही है, लेकिन जो बात इस शादी को खास बनाती है वो ये है कि इस शादी में लगने वाले पूरे खर्च को किन्नर समाज द्वारा वहन किया गया है. इतना ही नहीं, किन्नर समाज द्वारा इस शादी में लड़की को शगुन के रूप में दिया जाने वाला सभी घरेलू सामान भी दिया जाएगा.
किन्नर समाज ने उठाया शादी का खर्च
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के मोहल्ला बाला सराय के रहने वाले ऑटो चालक का पिछले दिनों सड़क हादसा हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आज 6 दिसंबर को ऑटो चालक की बड़ी बेटी पायल की शादी है. 5 दिसंबर को ऑटो चालक शहर में रहने वाली गुरु महंत किन्नर काजल और सोनिया के घर पहुंचा और अपनी गरीबी व लाचारी का दुखड़ा सुनाया.
गुरु महंत ने उसे लड़की की शादी में पूरी सहायता देने का वादा किया. अगले दिन गुरु महंत किन्नर अपने साथियों के साथ गीत गाते हुए नोट उड़ाते हुए उनके घर पहुंचे और शगुन के तौर पर लाखों के सोने- चांदी के जेवर, मोबाइल व अन्य जरूरी सामान दिया.
पहले भी करवा चुके हैं ऐसी शादियां
इस बारे में जानकारी देते हुए गुरु महंत काजल किन्नर ने बताया कि वह इससे पहले भी 4 गरीब कन्याओं की शादी करवा चुकी हैं. इस बेटी की शादी में मेरे धर्म भाइयों वीरेंद्र, नीरज और अमरपाल ने 51 हजार रूपए का भात भरा है. उन्होंने कहा कि यदि कोई गरीब परिवार अपनी बेटी की शादी करवाने में असमर्थ है तो वह किन्नर समाज से संपर्क कर सकता है.
