रेवाड़ी | हरियाणा में रबी सीजन की फसलों को सरकारी रेट पर बिक्री के लिए मंडी लेकर पहुंचने वाले किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि मंडी में सरसों और गेहूं की तुलाई के दौरान वजन में होने वाली हेरा- फेरी को रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा नई गाइडलाइन जारी की गई है.

हरियाणा में मार्केटिंग बोर्ड ने जारी किया आदेश
प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि इस बार सरसों और गेहूं का वजन इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से किया जाएगा. सभी आढ़तियों को इसका ढृढ़ता से पालन करने के आदेश दिए गए हैं. मार्केटिंग बोर्ड की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया गया है.
इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगा वजन
प्रदेश में 27 मार्च से सरसों और 1 अप्रैल से गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होगी. सरकारी खरीद की प्रकिया को आढ़तियों के माध्यम से विभिन्न एजेंसियां पूरा करती है. मार्केटिंग बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक पुराने कांटों से ही सरसों और गेहूं का वजन किया जाता रहा है. इस प्रकिया में अक्सर तौल में वजन कम को लेकर आरोप लगते रहे हैं. इसी समस्या से निपटने के लिए मार्केटिंग बोर्ड द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटों से वजन करने की अनिवार्यता की गई है. इसके लिए आढ़तियों को इलेक्ट्रॉनिक मशीनें खरीदनी होगी.
फसल तौल में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से इस बार इलेक्ट्रानिक तौल मशीन अनिवार्य किए गए हैं. इसके लिए सभी आढ़तियों को दिशा- निर्देश दिए जा चुके हैं. इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए. इलेक्ट्रानिक तौल मशीन से वजन सही और किसान अपने सामने देख सकेंगे- मनीष कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी रेवाड़ी