हरियाणा में समाज को सशक्त संदेश दे गई ये शादी, दहेज में मिलें 11 लाख रूपए लौटाकर मात्र 1 रूपये में किया विवाह

रेवाड़ी | सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए आज की युवा पीढ़ी नित नए उदाहरण पेश करते हुए समाज के सामने मिसाल कायम कर रही है. कुछ ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव धारण की ढाणी निवासी मुकेश पहलवान के पुत्र सौरव डागर ने, जिन्होंने अपनी शादी में दहेज को ठुकराते हुए दहेज़ लोभियों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ने का काम किया है.

Rewari Shadi

वापस लौटाएं 11 लाख रुपए

सौरव डागर ने अपनी शादी में कन्या पक्ष द्वारा स्वेच्छा से दिए गए 11 लाख 11 हजार 111 रुपये को वर पक्ष को बड़ी विनम्रता से वापस लौटा दिया. उन्होंने शगुन के तौर पर मात्र 1 रूपया लेते हुए शादी की रस्मों को सम्पन्न किया. उनकी शादी महेंद्रगढ़ जिले के गांव कोथल खुर्द निवासी नत्थूराम की बेटी सपना के साथ हुई है.

4 दिसंबर को लग्न के शुभ अवसर पर नत्थूराम ने अपनी बेटी की खुशी के लिए यह राशि सौरव की झोली में डाली लेकिन वर पक्ष ने इस धनराशि को लेने से स्पष्ट इंकार कर दिया. दुल्हे के पिता मुकेश पहलवान ने कहा कि मेरा बेटा ‘मां भारती फाउंडेशन’ नामक NGO संचालित करता है. जो समाज में अच्छे कार्यों और दहेज प्रथा के उन्मूलन के लिए काम करता है. हम खुद इस सोच को बढ़ावा देते हैं, तो दहेज लेना हमारे मूल्यों के खिलाफ होगा.

यह भी पढ़े -  रेवाड़ी से खाटूश्याम जाने वालों को राहत, रेलवे ने बढ़ाई ट्रेन सेवा

दहेज प्रथा के खिलाफ मिसाल

सौरव डागर और उसके परिवार ने दहेज में मिली लाखों रूपए की धनराशि को वापस लौटा कर समाज को एक सशक्त संदेश दिया है. इस घटना ने साबित कर दिया है कि प्यार और सम्मान के रिश्ते के आगे पैसे की कोई अहमियत नहीं है. यदि दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म करना है तो हम सबको मिलकर ऐसे ही सामूहिक प्रयास करने होंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.