खुशखबरी: रेवाड़ी से राजस्थान तक फर्राटेदार होगा सफर, 32 करोड़ से चकाचक बनेगी यह सड़क

रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि बावल इंडस्ट्रियल एरिया से प्राणपुरा (राजस्थान बॉर्डर) तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के नवनिर्माण और चौड़ीकरण को प्रशासन ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. करीब साढ़े 11 किलोमीटर लंबी इस सड़क के नवनिर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपए की लागत आएगी. इससे आवाजाही आसान हो जाएगी जिससे लोगों को राहत पहुंचेगी.

Six Lane Highway

इस सड़क मार्ग की चौड़ाई 18 फीट के आसपास हैं जिससे वाहनों को आवाजाही के दौरान अक्सर परेशानी से जूझना पड़ता है. संकरी सड़क और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. अब प्रस्तावित योजना के तहत इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाकर करीब 24 फीट की जाएगी जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित हो जाएगा.

दर्जनों गांवों का सफर होगा सुहाना

निर्माण योजना के तहत, बावल शहर के मुख्य बाजार में सड़क मार्ग के डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से को सीमेंटेड बनाया जाएगा. इससे बाजार में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी. वहीं, बाकी हिस्से को डामर से तैयार किया जाएगा. इस सड़क मार्ग के नवनिर्माण और चौड़ीकरण से बावल से प्राणपुरा के बीच पड़ने वाले दर्जनों गांवों की आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा. उन्हें सुरक्षित व आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. यह सड़क मार्ग बावल और अलवर के बीच एक शॉर्टकट के रूप में भी जाना जाता है, इसलिए इसके बेहतर होने से यात्रा समय में भी कमी आएगी.

दोनों राज्यों के बीच आसान होगी आवाजाही

इस परियोजना की विशेषता यह है कि यह सड़क हरियाणा को सीधे अलवर से जोड़ती है. इससे न केवल दोनों राज्यों के बीच आवाजाही सुगम होगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. बावल इंडस्ट्रियल एरिया में स्थापित बड़ी-बड़ी कंपनियों के लिए यह सड़क लाइफलाइन की तरह हैं क्योंकि इसी रास्ते से माल ढुलाई और कर्मचारियों की आवाजाही रहती है. ऐसे में इस सड़क के चकाचक होने से एक साथ कई अनगिनत फायदे मिलेंगे.

बावल- प्राणपुरा सड़क के नवनिर्माण और चौड़ीकरण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है. वन विभाग के साथ जमीन और पेड़ों को लेकर जो भी औपचारिकताएं हैं उन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा. मंजूरी मिलते ही टेंडर लगाकर काम शुरू कर दिया जाएगा- सत्येन्द्र कुमार, XEN, PWD रेवाड़ी

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.