रेवाड़ी | रेलयात्रा करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी फरवरी महीने में दिल्ली और मुंबई की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. रेलवे ने जानकारी दी है कि दिल्ली सराय- बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा रूट डायवर्ट से संचालित होगी.
फरवरी महीने में प्रभावित रहेगी ट्रेनें
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर जयपुर मंडल के जयपुर- बांदीकुई रेलखंड के झर- जटवाड़ा स्टेशनों के मध्य समपार फाटक नंबर 190 व 199 पर RUB निर्माण कार्य के चलते ब्लॉक रहेगा.
इस दौरान ट्रेन नंबर 12215, दिल्ली- सराय बांद्रा टर्मिनस ट्रेन जो 17 फरवरी को दिल्ली सराय से प्रस्थान करेगी. वह ट्रेन रूट डायवर्ट के चलते रेवाड़ी- रींगस- फुलेरा होकर संचालित होगी. इसके चलते यह ट्रेन बीच रास्ते नारनौल, नीम का थाना व रींगस स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
बीच रास्ते रद्द रहेगी यह ट्रेनें
ट्रेन नंबर 51973, मथुरा- जयपुर ट्रेन जो 17 फरवरी व 20 फरवरी को मथुरा से प्रस्थान करेगी, वह बांदीकुई तक ही संचालित होगी. यह ट्रेन बांदीकुई- जयपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी. वहीं, ट्रेन नंबर 79601, अजमेर- गंगापुर सिटी ट्रेन जो 18 फरवरी को अजमेर से रवाना होकर खातीपुरा तक संचालित होगी. यह ट्रेन खातीपुरा- गंगापुर सिटी के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी.
