रेवाड़ी | हरियाणा के एक और लाल ने एक बार फिर कमाल कर दिया है. रेवाड़ी के कोसली कस्बे के नेहरूगढ़ गांव के रहने वाले पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने अंटार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी को फतह कर दिखाया है. 25 दिसंबर रात 1:42 पर उन्होंने विन्सन मैसिफ पर तिरंगा झंडा लहरा दिया. इस अभियान में उन्हें 6 दिन का समय लगा. इस कैंप में विश्व भर से परिवर्तारोही शामिल हुए थे, इस दल का प्रतिनिधित्व नरेंद्र ने किया था.
स्पार्क मिंडा ने किया स्पॉन्सर
इस अभियान को स्पॉन्सर करने वाले स्पार्क मिंडा को नरेंद्र ने धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने एक साधारण किसान परिवार के बच्चे को मौका दिया, जिसके बलबूते वह विश्व पटल पर भारत के नाम को रोशन करने में सफल रहे. बकौल वीरेंद्र इस समय पर्वत पर माइनस 52 डिग्री का तापमान चल रहा है. सेना के जवान कृष्णचंद के बेटे नरेंद्र ने इस छोटी को फतह कर सभी सातों महाद्वीपों को फतह कर विश्व रिकॉर्ड बुक में अपनी छाप छोड़ दी.
पहले भी हांसिल हैं कई उपलब्धियां
इससे पहले साल 2016 और 2022 में उन्होंने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी. वह माउंट किलिमंजारो को चार बार, माउंट एल्ब्रस को दो बार और माउंट कोसियसको सहित ऑस्ट्रेलिया की दस सबसे ऊंची चोटियों को तीन फतह कर चुके हैं. इसके अलावा दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी अकोंकागुआ और उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली पर भी वह तिरंगा फहरा चुके हैं. साल 2008 से वह नियमित रूप से ट्रैकिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं.
