रेवाड़ी | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रेवाड़ी के सेक्टर- 12 स्थित निर्धारित जमीन पर नए बस स्टैंड भवन निर्माण कार्य को प्रदेश सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है. यहां बस स्टैंड भवन और वर्कशॉप निर्माण के लिए 65.32 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 42.89 करोड़ रुपए का टेंडर जारी कर दिया है.

बस स्टैंड भवन का निर्माण कार्य पूरा होने पर इलेक्ट्रिक कार्य किया जाएगा और इसके लिए अलग से टेंडर जारी होगा. इसका निर्माण कार्य 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. बता दें कि पिछले साल जून महीने में रेवाड़ी में आयोजित विकास रैली में पहुंचे सीएम नायब सैनी ने बस स्टैंड और वर्कशॉप का शिलान्यास किया था.
खस्ताहाल स्थिति में मौजूदा भवन
रेवाड़ी के मौजूदा बस स्टैंड भवन की बात करें तो यह अत्यंत भीड़- भाड़ वाले इलाके में स्थित है और इसका भवन बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है. यहां थोड़ी सी बारिश में ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है. वहीं, शहर की लाइफलाइन सर्कुलर रोड पर होने के चलते बसों को आवाजाही के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है.
बस स्टैंड के साथ ही नाईवाली चौक, झज्जर चौक, धारूहेड़ा चुंगी एरिया से निकलना मुश्किल हो जाता है और यहां बसें फंसकर खड़ी हो जाती है. अब नए बस स्टैंड के निर्माण से इस समस्या से छुटकारा मिलेगा.
इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनेगा चार्जिंग प्वाइंट
रेवाड़ी रोडवेज डिपो को 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं और इनमें से 5 बसें बेड़े में शामिल भी हो चुकी है. इसके लिए नए बस स्टैंड परिसर में 90 गज जमीन पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किया जाएगा और 3 एकड़ जमीन पर पूरा स्टेशन होगा. इस बिल्डिंग में 170 के करीब चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे. चार्जिंग पॉइंट के लिए रैकनुमा मशीनें होंगी जिनको ऑन करने के बाद बसों को बिल्डिंग के बाहर खड़ी करके चार्ज किया जा सकेगा. इससे एक बार में ही सभी बसों को चार्ज किया जा सकेगा.