रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. होली पर्व के खास मौके पर घर के सफर को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने रेवाड़ी को एक विशेष ट्रेन का तोहफा दिया है. यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 3-24 मार्च तक गोमतीनगर से खातीपुर (जयपुर) के बीच आवागमन करेगी. यह ट्रेन रेवाड़ी सहित हरियाणा के कई अन्य स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को रात 11.55 बजे गोमतीनगर से रवाना होकर बुधवार शाम साढ़े 5 बजे खातीपुर स्टेशन पर आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को शाम 06.50 बजे खातीपुर स्टेशन से रवाना होकर वीरवार की सुबह 11.45 बजे गोमतीनगर स्टेशन पर पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बादशाहनगर, डालीगंज, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर और बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में यात्रियों को 1 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 11 द्वितीय शयनयान, चार जनरल कोच और एक गार्ड सहित कुल 20 डिब्बों की सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि होली पर्व पर घर आने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा प्रदान करेगी.
लालकुआं- राजकोट स्पेशल ट्रेन
अमित सुदर्शन ने बताया कि इसी तरह होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए लालकुआं से राजकोट के बीच एक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा. 1 मार्च से 30 मार्च तक चलने वाली यह ट्रेन प्रत्येक रविवार दोपहर 12.35 बजे लालकुआं से और प्रत्येक सोमवार रात साढ़े 10 बजे राजकोट से रवाना होगी. इन दोनों स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों के लिए होली पर्व पर घर की डगर आसान बनाने में मदद मिलेगी.
