रेवाड़ी | हरियाणा में बिजली नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रेवाड़ी जिले के गांव डहीना में स्थित 132 kV पॉवर हाउस में स्थापित किए गए 16/20 MVA के नए ट्रांसफार्मर को तकनीकी जांच के बाद हरी झंडी दिखा दी गई है. इससे न केवल पॉवर हाउस से ओवरलोडिंग की समस्या खत्म होगी बल्कि गर्मी सीजन में होने वाली बिजली कटौती से भी लोगों को राहत पहुंचेगी.
नया ट्रांसफार्मर हुआ चालू
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के एक अधिकारी ने बताया कि पहले डहीना में स्थित 132 kV पॉवर हाउस में 10/16 MVA के दो ट्रांसफार्मर लगे हुए थे. इन्हें करीब 18 साल पहले लगाया गया था. अब इनमे से एक ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करते हुए उसकी जगह पर 16/20 MVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है. इस नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से दो दर्जन से ज्यादा गांवों की आबादी को राहत पहुंचेगी.
निगम के कार्यकारी अभियंता संजय यादव ने बताया कि 132 kV डहीना पावर हाउस में 16/20 MVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है. पूरी तरह से तकनीकी जांच के बाद इसे चालू किया गया है. इससे आसपास की गांवों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी तो इस पॉवर हाउस से जिन गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है, वहां की आबादी को फुल वोल्टेज में बिजली की सुविधा मिलेगी.
निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी सुनिश्चित
उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम की ओर से बढ़ते हुए लोड को देखते हुए 220 kV रेवाड़ी पॉवर हाउस में 100 Ava का स्पेयर ट्रांसफार्मर रखा गया है. आगामी गर्मी सीजन में बिजली आपूर्ति को निर्बाध रूप से जारी रखने में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. वहीं, निगम की ओर से 132 kV बावल शहर में 25 MVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है. इससे बावल शहर में बिजली नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने में मदद मिलेगी.
