रेवाड़ीवासियों को फाटक बंद के झंझट से मिलेगी मुक्ति, 207 करोड़ से बनेगा नया रेलवे ओवरब्रिज

रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी शहर के लोगों को जल्द ही रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने वाली है. प्रदेश सरकार ने बाईपास पर रेवाड़ी- दिल्ली और रेवाड़ी- रोहतक रेलवे लाइन के तीन व्यस्त रेलवे फाटकों पर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज (इंटीग्रेटेड आरओबी) बनाने को मंजूरी दे दी है. करीब 207.29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से शहर में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगी.

ROB Pool

बाईपास पर रेवाड़ी- दिल्ली और रेवाड़ी- रोहतक रेलमार्ग के साथ पटौदी रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय से जाम का बड़ा कारण बने हुए हैं. 2015 से इन तीनों रेलवे फाटकों को जोड़कर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग की जा रही थी. रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई थी.

वाहनों का दबाव

बीते कुछ सालों में बाईपास के आसपास नई कॉलोनियां और हाउसिंग सोसायटी तेजी से विकसित हुई हैं. ऐसे में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ा है और फाटक बंद होने पर लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है. इस समस्या को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद सरकार ने परियोजना को स्वीकृति दे दी. परियोजना के तहत, आधुनिक दो लेन और चार लेन रेलवे ओवरब्रिज के साथ रोड अंडरब्रिज (आरयूबी), सर्विस रोड और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  नाममात्र किराए पर लीजिए शहर में सफर का मजा, रेवाड़ी में चलेगी 5 और सिटी बसें

सीएम का आभार

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि रेवाड़ी की जनता लंबे समय से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से परेशान थी. उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. परियोजना पूरी होने के बाद शहर की सालों पुरानी जाम की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.