रेवाड़ी | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी है. इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने रेवाड़ी नगर परिषद् और धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए होने वाले चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया है. रेवाड़ी नगर परिषद् के लिए ADC राहुल मोदी और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव के लिए SDM सुरेश कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है.

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DC अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए कहा कि रेवाड़ी नगर परिषद् में चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र जिला सचिवालय में दाखिल करवा सकेंगे. वहीं, धारूहेड़ा नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए नामांकन पत्र तहसील कार्यालय में जमा करवा सकेंगे. दोनों ही जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी और 13 मई को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर 12 मई को दोबारा मतदान होगा.
रेवाड़ी नगर परिषद् चुनाव का शेड्यूल
रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरमैन के साथ 32 पार्षद भी चुने जाएंगे. चेयरमैन के नामांकन जिला सचिवालय के कमरा नंबर- 202 में जमा करवाएं जा सकेंगे. वार्ड नंबर- 1 से 11 के पार्षद पद के लिए नया मॉडल टाउन स्थित सेक्टर-1, ईओ HSVP कार्यालय में नामांकन दर्ज करवा सकते है. इसी प्रकार वार्ड नंबर- 12 से 22 के पार्षद पद के लिए जीएम रोडवेज के कार्यालय और वार्ड नंबर- 23 से 32 के पार्षद पद के लिए लघु सचिवालय स्थित DRO कार्यालय के कमरा नंबर- 113 में नामांकन जमा करवा सकेंगे.
धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव का शेड्यूल
धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन पद के साथ ही वार्ड नंबर- 1 से 18 तक पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार तहसील कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करवा सकेंगे. 21- 25 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का समय रहेगा. 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच और 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे. इसके बाद, 28 अप्रैल को ही चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे.