रेवाड़ी | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी डिपो से श्री माता वैष्णोदेवी दर्शन एक्सप्रेस बस सेवा की शुरुआत कर श्रद्धालुओं को एक और बड़ी सौगात दी गई है.

श्री माता वैष्णोदेवी दर्शन एक्सप्रेस बस का शेड्यूल
रेवाड़ी बस स्टैंड से रवाना होकर यह बस वाया गुरुग्राम के इफको चौक, दिल्ली, पानीपत, करनाल, पिपली, अंबाला, राजपुरा, लुधियाना बाईपास, जालंधर, मुकेरियां, पठानकोट, लखनपुर, सांबा और जम्मू होते हुए कटरा का सफर तय करेगी.
यह बस रेवाड़ी बस स्टैंड से शाम साढ़े 3 बजे रवाना होकर रात 07.50 बजे ISBT दिल्ली, 12 बजे अंबाला कैंट, सुबह 03.50 बजे जालंधर और साढ़े 9 बजे श्री माता वैष्णोदेवी कटरा पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में कटरा से रेवाड़ी के लिए शाम साढ़े 3 बजे रवाना होकर 04.45 बजे जम्मू और रात 9 बजे जालंधर पहुंचेगी. यहां से रवाना होकर सुबह साढ़े 9 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.
लंबी दूरी की यात्रा होगी आरामदायक
रेवाड़ी रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि श्री माता वैष्णोदेवी कटरा के लिए सीधी बस सेवा यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी. इससे उनकी लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक बनेगी. रेवाड़ी सहित आसपास के यात्रियों को लुधियाना, जालंधर, जम्मू और कटरा के लिए अपने नजदीक बस स्टैंड से बस सेवा का लाभ मिलेगा. इससे उन्हें सीट मिलने में आसानी हो जाएगी.
नोट: यह समय हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा निर्धारित हैं और इसमें किसी भी कारण से बदलाव संभव है. इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले एक बार समय की पुष्टि करना उचित रहेगा.