रेवाड़ी | सामाजिक मुद्दों पर पेंटिंग आपने तो बहुत देखी होगी, मगर आज हम आपको ऐसे शख्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने दुनिया की सबसे लंबी पेंटिंग बनाकर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराया है. रेवाडी निवासी कलाकार एसके राजोतिया बचपन से ही पेंटिंग कर रहे हैं. उनकी उम्र 51 साल हो चुकी है. उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर हजारों पेंटिंग बनाई हैं.
एसके राजोतिया अपनी पेंटिंग के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संदेश देते हैं. वह पेंटिंग के जरिए कन्या भ्रूण हत्या, पर्यावरण संरक्षण और पानी बचाने जैसे संदेश देते हैं. कोरोना काल में उन्होंने सबसे ज्यादा पेंटिंग बनाई और इसका खर्च भी अपनी जेब से उठाया.
कोरोना काल में बनी सबसे ज्यादा पेंटिंग
एसके राजोतिया ने बताया कि कोरोना काल में जब लॉकडाउन लगा तो उन्होंने सबसे ज्यादा पेंटिंग बनाईं. कोरोना काल में उन्होंने शहर के मुख्य चौराहों और पार्कों के सामने की सड़कों पर बहुत बड़ी- बड़ी पेंटिंग बनाई थी. पेंटिंग के जरिए उन्होंने खुद को कोरोना से बचाया. सुरक्षा और सरकार की गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया गया, इससे लोग कोरोना के प्रति जागरूक हुए. एसके राजोतिया का कहना है कि वह समाज सेवा करते रहेंगे.
झज्जर के रहने वाले हैं राजोतिया
बता दें कि एसके राजोतिया (SK Rajotia) मूल रूप से झज्जर के रहने वाले हैं. स्कूल के समय से ही उन्हें चित्रकला में रुचि थी. स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद एसके राजोतिया का हौसला और बढ़ गया. अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक एक निजी स्कूल में ड्राइंग शिक्षक के रूप में काम किया, जिसके बाद उन्होंने हरियाणा बिजली निगम में नौकरी की. आज पेंटिंग की दुनिया में उनका नाम है.
