रेवाड़ी | हरियाणा में MBBS जैसी उच्च मेडिकल शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि रेवाड़ी जिले के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में इसी शैक्षणिक सत्र से MBBS की पढ़ाई शुरू होने जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी मंजूरी प्रदान कर दी है. केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह इसी साल से माजरा एम्स में OPD शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं जिसके बाद एम्स प्रशासन ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था.
MBBS की पढ़ाई शुरू करने पर मुहर
अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने माजरा एम्स में इसी शैक्षणिक सत्र से MBBS की पढ़ाई शुरू करने पर मुहर लगा दी है. केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने यह जानकारी साझा की है. बता दें कि साल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रेवाड़ी में एम्स निर्माण की घोषणा की थी. गांव माजरा में निर्माणाधीन यह देश का 22वां एम्स होगा. 210 एकड़ जमीन पर निर्माणाधीन इस एम्स पर 1,700 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.
जल्द शुरू होगी OPD
पिछले दिनों गुरुग्राम लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने माजरा एम्स का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने एम्स प्रशासन से मार्च के लास्ट तक OPD शुरू करने के निर्देश दिए थे. अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसी शैक्षणिक सत्र से MBBS की 50 सीटों की मंजूरी प्रदान कर एम्स में जल्द OPD शुरू करने की दिशा में उम्मीदों को पंख लगा दिए हैं.
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का मिलेगा लाभ
केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एम्स में OPD शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो चुकी है. अब MBBS की 50 सीटें भी मिल गई है. एम्स में OPD और मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने से दक्षिण हरियाणा व हरियाणा से सटे राजस्थान के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि एम्स में ओपीडी की सुविधा शुरू होने पर रेवाड़ी सहित आसपास के जिलों के लोगों को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई और दिल्ली एम्स का रूख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण और किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा जिससे उन्हें राहत पहुंचेगी.
