रेवाड़ी | स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए रेवाड़ी जिला पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत गुरुग्राम और दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी मालवाहक और वाणिज्य वाहनों के आवागमन पर अलग- अलग अवधि में रोक लगाई गई है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय समय के दौरान एनएच- 48 का इस्तेमाल कर गुरुग्राम-दिल्ली की ओर जाने से बचें. जिला पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त शाम 5 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक और 14 अगस्त दोपहर 3 बजे से 15 अगस्त दोपहर 2 बजे तक गुरुग्राम और दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी मालवाहक/ वाणिज्य वाहनों को एनएच- 48 पर जाने की अनुमति नहीं होगी. वाहन चालकों को इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

पुलिस ने जयपुर से दिल्ली और गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों के लिए एनएच- 48 के बजाय एनएच- 352 का रास्ता निर्धारित किया है. वहीं, रेवाड़ी से दिल्ली और गुरुग्राम की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कापड़ीवास फ्लाईओवर के नीचे से 75 फुटा रोड होते हुए भिवाड़ी (राजस्थान) की तरफ डायवर्ट किया गया है.
अतिरिक्त पुलिस बल
वाहन चालक जरूरत के अनुसार एनएच- 352 या अन्य वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान दिल्ली और गुरुग्राम की तरफ यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेवाड़ी, बावल और कोसली में होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों के साथ थाना और चौकी प्रभारियों को अपने- अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं.
रेलवे स्टेशन पर सर्चिंग
जिला पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां मिलकर शहर के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर सघन कांबिंग और सर्चिंग अभियान चला रही हैं. इसके तहत होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, रिजोर्ट, सराय, ढाबे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल और तेल डिपो सहित अन्य स्थानों की जांच की जा रही है. पुलिस की ओर से भीड़भाड़ वाले इलाकों और बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है. पुलिस ने कहा है कि अगर कहीं कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना या डायल- 112 पर सूचना दें.