रोहतक | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में रोहतक रोडवेज डिपो द्वारा नैनीताल (काठगोदाम) के लिए AC बस सेवा संचालित कर यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है. इस सीधी बस सेवा के संचालन से समर वेकेशन में नैनीताल घूमने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

यह एसी बस रोहतक बस स्टैंड से रवाना होकर वाया सांपला, बहादुरगढ़, गाजियाबाद, गढ़गंगा, मुरादाबाद, रामपुर, रूद्रपुर और हल्द्वानी होते हुए 380 किलोमीटर का सफर तय करेगी. इस बस में रोहतक से नैनीताल तक प्रति व्यक्ति यात्री किराया 600 रुपए निर्धारित किया गया है.
रोहतक- नैनीताल AC बस सेवा का शेड्यूल
रोहतक बस स्टैंड के काउंटर नंबर- 1 से यह बस सुबह 8 बजे रवाना होकर 08.20 बजे सांपला, 08.50 बजे बहादुरगढ़, सुबह सवा 10 बजे दिल्ली ISBT, दोपहर सवा दो बजे मुरादाबाद और शाम पौने 4 बजे रूद्रपुर होते हुए नैनीताल (काठगोदाम) का सफर तय करेगी. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह साढ़े 4 बजे काठगोदाम से रवाना होकर सुबह 5 बजे हल्द्वानी, सुबह 05.40 बजे रूद्रपुर, 6 बजे बिलासपुर और 7 बजे मुरादाबाद पहुंचते हुए सुबह सवा 10 बजे दिल्ली आनंद विहार बस स्टैंड पहुंचेगी.
समर वेकेशन का तोहफा
रोहतक रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के लिए निकलते हैं. इस दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ देखने को मिलती हैं. यात्रियों को इसी परेशानी से निजात दिलाने के लिए नैनीताल के लिए एसी बस सेवा संचालित की गई है ताकि यात्रियों को लंबी दूरी के रूट पर आरामदायक सफर का अनुभव मिल सके. उन्होंने बताया कि इसके अलावा शिमला, मनाली, ऋषिकेश आदि रूटों पर भी समर स्पेशल बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है.