13 साल बाद हांसी- महम- रोहतक रेलवे लाइन बनकर तैयार, इस दिन से चलेंगी ट्रेनें

रोहतक | मौजूदा समय में हांसी- महम- रोहतक (Hansi- Maham- Rohtak) रेलवे लाइन बनकर तैयार है. लोग अब इस नई रेल लाइन पर ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, साल 2024 में रेलवे लाइन पर ट्रेनें दौड़ेंगी. इसके लिए रेलवे (Railways) की ओर से स्पीड ट्रायल किया जा चुका है और मालगाड़ी भी चलाकर परीक्षण किया जा चुका है. घोषणा के 13 साल बाद बनकर रेलवे लाइन बनकर तैयार हुई है.

Railway Station

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया था ट्वीट

30 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर (अब एक्स) पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि हांसी- महम- रोहतक रेलवे लाइन का काम पूरा हो गया है और 118 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफल रहा है. मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी वीडियो शेयर किया था.

वर्ष 2011 में की गई थी इस रेलवे लाइन की घोषणा

बता दें कि हांसी- महम- रोहतक रेलवे लाइन की घोषणा वर्ष 2011 में की गई थी. लंबे इंतजार के बाद लोग इस रेलवे लाइन पर ट्रेनों में सफर करेंगे. इस रूट पर 5 नए रेलवे स्टेशन भी पूरी तरह से तैयार हैं. लाइन की जांच के लिए सीआरएस भी कराया जा चुका है. अब बस ट्रेन चलने का इंतजार है. सितंबर माह के अंत में रेलवे सुरक्षा आयुक्त आरके शर्मा गढ़ी से हांसी तक रेलवे लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे थे.

दिल्ली जाने में बचेगा समय

करीब 755 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे लाइन बनकर तैयार है. इस नई रेलवे लाइन के शुरू होने से यहां नई ट्रेनें चलेंगी. हांसी- रोहतक रेल लाइन हांसी रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर की दूरी पर शुरू होगी जबकि पुरानी रेलवे लाइन भिवानी की ओर जाती है. 68.5 किमी लंबी रेलवे लाइन पर कुल पांच स्टेशन होंगे. ट्रेन 20 गांवों से होते हुए रोहतक पहुंचेगी. हांसी के बाद पहला स्टेशन गढ़ी, मदीना, बलंभा, खरकड़ा और रोहतक से पहले बहुअकबरपुर गांव में होगा. इस रेल मार्ग से हिसार और रोहतक के बीच की दूरी 20 किमी कम हो जाएगी.

यह भी पढ़े -  अब 30 मिनट कम होगा सफर, पानीपत- रोहतक रेलखंड पर बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड

2023 में 2 लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात

साल 2023 में यात्रियों को लंबी दूरी की दो ट्रेनों का तोहफा मिला है. इनमें हिसार से तिरूपति सुपरफास्ट स्पेशल और हिसार से भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन शामिल हैं. ट्रेन हर शनिवार को दोपहर 2.10 बजे हिसार से तिरूपति धाम के लिए और हर बुधवार को दोपहर 3.05 बजे हिसार से भावनगर के लिए रवाना होती है. इसी तरह दो ट्रेनों का विस्तार किया गया है. विस्तार से सिरसा और बठिंडा के यात्रियों को फायदा हुआ है. इस साल गोरखधाम एक्सप्रेस और जयपुर ट्रेन को बठिंडा तक बढ़ा दिया गया है.

रेलवे अधिकारियों की मानें तो अब एकता एक्सप्रेस ट्रेन को भी हिसार तक बढ़ाया जा सकता है. विस्तार के बाद यात्रियों को हिसार से चंडीगढ़ तक सीधी ट्रेन की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी. इस संबंध में कई बार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा गया. सांसद बृजेंद्र सिंह ने लोकसभा में भी ट्रेन को हिसार तक बढ़ाने का मुद्दा उठाया था.

प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी

  • घोषणा: वर्ष 2011
  • शिलान्यास – 2013
  • भूमि अधिग्रहण: 2014
  • शुरुआती लागत: 287 करोड़
  • स्वीकृत राशि: 755 करोड़
Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.