रोहतक की बेटी ने रचा कमाल, स्मृति ईरानी के हाथों मिला सम्मान; विदेशों तक पहुंचा कारोबार

रोहतक | हरियाणा के रोहतक की रहने वाली महिला उद्यमी भूमिका देशवाल को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव के दौरान सम्मानित किया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्हें नारी वंदन महिला उद्यमिता प्लेटफार्म (नीति आयोग) अवार्ड प्रदान किया. सम्मान मिलने के बाद परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है. एसोसिएशन ऑफ बिजनेस वूमन इन कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के हरियाणा चैप्टर की अध्यक्ष भूमिका देशवाल को यह सम्मान उनकी उद्यमी भावना, देशभर में प्रतिबद्धता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए दिया गया.

Rohtak News

वह फैशन उद्योग से जुड़ी हैं और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार तथा आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं. भारतीय व्यापार महोत्सव को देश का अब तक का सबसे बड़ा मेड इन इंडिया व्यापारिक आयोजन बताया गया.

प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

इसमें 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल और खरीदार शामिल हुए. महोत्सव का आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. भूमिका देशवाल की शादी भरत कॉलोनी निवासी विजय देशवाल से हुई है. विजय लंबे समय तक बंगलादेश में फैशन उद्योग से जुड़े रहे हैं. वर्तमान में वह पत्नी के साथ मिलकर उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं.

भूमिका का कहना है कि परिवार के सहयोग से उन्हें अपने काम को विस्तार देने और एक सफल उद्यमी के रूप में पहचान बनाने में मदद मिली. भूमिका की सास विद्या देशवाल पीजीआईएमएस के नर्सिंग कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हैं, जबकि ससुर धर्मपाल देशवाल पशुपालन विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं.

20 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट

भूमिका देशवाल वर्तमान में गुरुग्राम में फैशन उद्योग से जुड़ा अपना उद्यम चला रही हैं. उनके उद्यम द्वारा तैयार किए जाने वाले कपड़ों का 20 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है. उनके डिजाइन किए कपड़ों को हॉलीवुड की जानी- मानी हस्तियां भी पसंद करती हैं. उनके उद्यम की ओर से तैयार की गई ड्रेस यूनाइटेड किंगडम के राजा चार्ल्स की पत्नी कैमिला द्वारा भी पहनी जा चुकी है. महिला उद्यमिता के क्षेत्र में उनके काम और ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिलना क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.