रोहतक | हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के अनुयायियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. साध्वियों के यौन उत्पीडन और पत्रकार मर्डर मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में ताउम्र कारावास की सजा भुगत रहे बाबा राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ रहें हैं. उन्हें 40 दिन की पैरोल अवधि पर रिहा किया गया है.
राम रहीम रहेंगे यहां
रोहतक जेल से 40 दिन की पैरोल अवधि पर रिहा हो रहे बाबा राम रहीम इस दौरान सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में रहेगा. अगस्त 2017 में दो साध्वियों के रेप केस में दोषी ठहराए जाने के बाद गुरमीत राम रहीम 15वीं बार जेल से बाहर आ रहा है. इससे पहले पिछले साल 15 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने के लिए बाबा रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया था.
25 अगस्त 2017 को दो साध्वियों के यौन उत्पीडन मामले में राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई थी. इसके बाद, जनवरी 2019 में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में कोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. डेरा मैनेजर रणजीत सिंह के मर्डर केस में अक्टूबर 2021 में सीबीआई कोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
उठते रहे सवाल
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम अक्सर पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आता रहता है जिसको लेकर कई सामाजिक संगठन और इन मामलों से जुड़े लोग अपनी जान का खतरा बताकर उनकी रिहाई पर सरकार से सवाल करते रहते हैं. चुनाव हो या फिर डेरे में कोई कार्यक्रम, बाबा पैरोल पर बाहर आते हैं.
डेरा प्रमुख फरलो और पैरोल लेकर 14 बार जेल से बाहर आ चुके हैं और यह 15वां मौका है जब बाबा राम रहीम जेल से बाहर आ रहें हैं. बता दें कि अगर कैदी ने अपनी सजा का एक हिस्सा पूरा कर लिया हो तो उसे स्पेशल कंडीशन में पैरोल मिल सकती है. फरलो के लिए स्पेशल कंडीशन की जरूरत नहीं होती है क्योंकि यह उसका कानूनी अधिकार होता है.
