खाटूश्याम श्रद्धालुओं- छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, रोहतक तक आएगी मदार- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन; फटाफट देखें टाइमिंग

रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बड़ा फैसला लेते हुए मदार- रेवाड़ी- मदार स्पेशल ट्रेन का रोहतक तक विस्तार कर दिया है. इससे रेवाड़ी और नारनौल सहित आसपास के इलाकों के लोगों को बिना ट्रेन बदले रोहतक आने की सुविधा मिलेगी.

Train Railways

यह रहेगा शेड्यूल

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 3-15 जुलाई तक ट्रेन नंबर 09639, मदार- रोहतक स्पेशल ट्रेन रोजाना सुबह साढ़े 4 बजे मदार से रवाना होकर किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, निजामपुर, नारनौल, अटेली और कुंड होते हुए सुबह साढ़े 10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. यहां 20 मिनट के ठहराव के बाद 10.50 बजे ट्रेन आगे बढ़ते हुए गोकलगढ़, पालहावास, झज्जर और अस्थल बोहर होते हुए दोपहर 12.50 बजे रोहतक स्टेशन पर पहुंचेगी.

इसी तरह वापसी में निर्धारित समयावधि में ट्रेन नंबर 09640, रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन रोजाना दोपहर 01.20 बजे रोहतक से रवाना होकर इसी रूट से होते हुए दोपहर 03.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ते हुए रात 10.35 बजे मदार पहुंचेगी.

खाटूश्याम श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा

इस स्पेशल ट्रेन के विस्तार से नारनौल और रेवाड़ी सहित दक्षिण हरियाणा के विभिन्न शहरों से शिक्षा ग्रहण करने रोहतक आने वाले छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा. उन्हें रेवाड़ी से दूसरी ट्रेन बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी जिससे उनकी यात्रा आरामदायक हो जाएगी. वहीं, रोहतक और झज्जर से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस ट्रेन के संचालन का विशेष फायदा मिलेगा. इसके साथ ही इन जिलों से दक्षिण हरियाणा के शहरों के लिए सफर करने वाले लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.