रोहतक | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Saini)शनिवार को रोहतक दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) में सिने फाउंडेशन, हरियाणा (विश्व संवाद केंद्र) और एमडीयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 2 दिवसीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में शिरकत की. इस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने एक बड़ी घोषणा की.
इन शहरों में बनेगी फिल्म सिटी
फिल्म महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पिंजौर और गुरूग्राम में फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा. पहले चरण में पिंजौर में 100 एकड़ में फिल्म सिटी स्थापित होगी, जिसके लिए कंसल्टेंट रखने की प्रक्रिया जारी है. वहीं, दूसरे चरण में गुरूग्राम का नंबर आएगा. गुरूग्राम में जमीन का चयन किया जा रहा है.
क्षेत्रिय फिल्मों को बढ़ावा देने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चंडीगढ़ दूरदर्शन पर सप्ताह में एक बार हरियाणवी फिल्म के प्रसारण के संबंध में प्रसार भारती को पत्र लिखूंगा. हरियाणा में क्षेत्रीय सिनेमा को बढावा देने के लिए फिल्म प्रामोशन बोर्ड का गठन किया गया है. इसके अलावा, हरियाणा में फिल्म एवं मनोरंजन नीति लागू है. हरियाणा में फिल्मों की शूटिंग करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) को हरियाणा के हर विश्वविद्यालय में फिल्म मेकिंग कोर्स शुरू करने की जिम्मेदारी दी जाएगी. इसके अलावा, प्रत्येक स्कूल में थियेटर एजुकेशन शुरू करने के लिए भी सुपवा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर इस दिशा में प्रयास करेगा.
हरियाणवी सिनेमा की अलग पहचान
सीएम नायब सैनी ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरण का भी सशक्त माध्यम है. हरियाणवी सिनेमा ने अपने सफर में समाज को जागरूक करने, परम्पराओं को संजोने और नए विचारों को बढ़ावा देने का काम किया है. उन्होंने सिनेमा को युवा पीढ़ी को प्रभावित करने वाला सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि हमें सकारात्मक विषयों के साथ सिनेमा को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए. इस दिशा में सिनेमा जगत से जुड़ी हस्तियां पहल करें.
