रोहतक | हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत लगे वह कर्मचारी जिनका अनुभव 5 साल से कम का है, उनकी नौकरी पर संकट मंडराता दिखाई दे रहा है. रोहतक में सिंचाई विभाग में क्लास C के आठ और ग्रुप D के दो कर्मचारियों को हटाने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं. उन्हें यह कहा गया है कि उनकी सेवाएं 5 साल से कम हैं. इसी कारण उन्हें नौकरी से हटाया जा रहा है. इनमें ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर कम पंप ऑपरेटर, टेलीफोन ऑपरेटर, कारपेंटर, फील्ड मैन और स्वीपर कम चौकीदार शामिल हैं.

10 कर्मचारियों को हटाने के आदेश
रोहतक सिंचाई विभाग के XEN राजेश भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन कर्मचारियों को नौकरी करते हुए 5 साल से कम का समय हुआ है, उन 10 कर्मचारियों को हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं. उनकी जगह पर पक्के कर्मचारी आ चुके हैं. बता दें कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मियों को नौकरी को सेवा सुरक्षा गारंटी के तहत सुरक्षा देने का ऐलान किया था. इस योजना का लाभ केवल वही कर्मचारी उठा सकते हैं, जिनका 5 साल या उससे अधिक सेवा अनुभव हो चुका है. सरकार द्वारा इसका विस्तृत नोटिफिकेशन भी जारी किया गया था.
कर्मचारियों में खलबली
हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत, राज्य में 3 लेवल पर करीब 1.20 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं. इसमें यह जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है कि 5 साल से कम अनुभव वाले कर्मचारी कितने हैं. अब रोहतक में कौशल रोजगार निगम के तहत लगे हुए कर्मचारियों को हटाने के निर्देश जारी होने के बाद उन कर्मचारियों में खलबली मच गई है, जिनकी सेवा 5 साल से कम है. बता दें कि 1 नवंबर 2021 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के गठन का ऐलान किया गया था.