कांग्रेस का बड़ा हमला, NEET पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; शुरू हुआ ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

रोहतक | हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए देशभर में पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की घोषणा की. इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई.

Indian National Congress INC

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कुलदीप इंदौरा ने कहा कि यह 40 दिवसीय अभियान देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा. अभियान का उद्देश्य छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और युवाओं की आवाज को मजबूती देना तथा परीक्षा प्रणाली की खामियों को उजागर करना है.

कही यह बातें

उन्होंने नीट यूजी- 2026 पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लाखों छात्रों की मेहनत और उनके परिवारों की उम्मीदें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.

कुलदीप इंदौरा ने पेपर लीक माफिया, वेंडर एजेंसियों, संबंधित अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं. इसके बावजूद, सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है. कांग्रेस इस विषय को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी.

रखी यह मांगें

सांसद ने इस दौरान तीन प्रमुख मांगें भी रखीं. इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और परीक्षा व भर्ती प्रक्रियाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर लागू करना शामिल है. उन्होंने बताया कि 30 जून से छात्र संपर्क अभियान, नुक्कड़ सभाएं और पर्चा वितरण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे. जुलाई महीने में कैंपस संपर्क अभियान, साप्ताहिक कार्यक्रम और अंबेडकर संवाद आयोजित होंगे. अभियान के पहले चरण का समापन 1 अगस्त को 28 शहरों में कलेक्टरेट घेराव के साथ किया जाएगा, जबकि 9 अगस्त को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम आयोजित होगा.

यह लोग रहे मौजूद

इस मौके पर हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं की उम्मीदों को लगातार तोड़ रही है. बेरोजगारी, भर्ती में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से युवा परेशान हैं. उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान युवाओं की आवाज को मजबूत करेगा और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगा. कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के रोहतक शहरी जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा, पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव गौरव तुशीर, प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव, युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुशील हुड्डा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.