रोहतक | हरियाणा के रोहतक शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां जलभराव, सीवर ब्लॉक और ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे शहर के 2 बड़े हिस्सों को बहुत जल्द राहत मिलने जा रही है. इन इलाकों की पाइपलाइनों का बिना खोदाई किए सुधार किया जाएगा. इसके लिए मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग लाइनर (MWSL) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर 15.11 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
15 करोड़ रुपए होंगे खर्च
शहर के विशाल नगर, राजीव गांधी रोड स्थित चौक, डेयरी मोहल्ला व कृष्णा कॉलोनी में अक्सर जलभराव व सीवर जाम की स्थिति उत्पन्न रहती है. जनस्वास्थ्य विभाग ने इन इलाकों में सीवर पाइपलाइन के सुधार के लिए मुख्यालय प्रस्ताव भेजा था. पिछले सप्ताह इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है.
जनस्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रोहतक शहर के विशाल नगर से राजीव गांधी स्टेडियम रोड तक 600 MM (मिलीमीटर) पाइपलाइन का 7.06 करोड़ रुपए से और रेलवे रोड स्थित अग्रसेन चौक से कृष्णा कॉलोनी तक 900 MM सीवर पाइपलाइन को 8.05 करोड़ से सुधारीकरण किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को दोनों क्षेत्रों में सुधार के लिए टेंडर आवंटन के लिए पोर्टल खोला जायेगा. टेंडर के अंतर्गत एक क्षेत्र को एक साल की अवधि में पूरा किया जाएगा. MWSL से डेयरी मोहल्ला, कृष्णा कॉलोनी, शर्मा कॉलोनी, विशाल नगर, ताऊ देवीलाल नगर व आजादगढ़ के लोगों को सालों पुरानी इस समस्या से छुटकारा मिलेगा.
क्या है MWSL तकनीक?
मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग लाइनर (MWSL) एक ट्रेंचलेस तकनीक है जिसका उपयोग सीवर और अन्य पाइपलाइनों को मजबूत करने के लिए किया जाता है. इसमें एक घुमावदार मशीन मौजूदा पाइप के अंदर एक नई, मजबूत लाइनर बनाने के लिए पीवीसी या एचडीपीई की एक पट्टी को सर्पिल रूप से लपेटती है. यह तकनीक बिना खोदाई के पाइप की मरम्मत करती है और इसे कम समय में पूरा किया जा सकता है.
