रोहतक | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. रोहतक निवासी पैरा एथलीट नवीन दलाल (Navin Dalal) ने राजस्थान के जयपुर शहर में आयोजित हुई छठी पैरा नेशनल चैंपियनशिप में तीरंदाजी इवेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2 सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं. उन्होंने इस उपलब्धि से रोहतक ही नहीं, बल्कि राज्य का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है.
मुंह से तीर पकड़कर लगाते हैं निशाना
रोहतक के सेक्टर- 14 निवासी नवीन दलाल करीब 19 साल पहले सड़क दुघर्टना का शिकार बने थे, जिसके बाद रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के चलते दोनों पैर और एक हाथ ने काम करना बंद कर दिया था. इस हादसे के बाद नवीन की जिंदगी व्हीलचेयर पर आ गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारते हुए पढ़ाई के प्रति अपने प्रेम को जारी रखा. JBT, बीए, मास्टर ऑफ लाईब्रेरी साइंस, एमए हिस्ट्री की डिग्रियां हासिल की.
वर्तमान में रोहतक तहसील में पटवारी के पद पर कार्यरत नवीन दलाल ने बताया कि बड़े भाई अशोक दलाल और आफिस के लोगों ने उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया. इसके बाद, उन्होंने कोच संजय सुहाग की देखरेख में तीरंदाजी का अभ्यास करना शुरू कर दिया. वो व्हीलचेयर पर बैठकर तीरंदाजी करते हैं. उनका बायां हाथ काम नहीं करता है, इसलिए वे मुंह से तीर पकड़कर निशाना साधते हैं.
नवीन दलाल की उपलब्धियां
नवीन दलाल इससे पहले एशियाई खेलों में कांस्य पदक और एशियाई चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं. हाल ही में, उनका चयन थाईलैंड में आयोजित होने वाले एशियाई पैरा कप के लिए हुआ है, जिसमें वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. नवीन ने बताया कि अब वह मेडल का रंग बदलने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. इस टूर्नामेंट में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना उनका सबसे बड़ा सपना है और इसे पूरा करने के लिए वह अपना 100 फीसदी योगदान देंगे.
