रोहतक | केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज हरियाणा दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने रोहतक में साबर मिल्क प्लांट का उद्घाटन किया. अत्याधुनिक मशीनों से लैस यह प्लांट 325 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ है. इस प्लांट से 1 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा.
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि साबर डेयरी प्लांट दही, छाछ और योगर्ट के लिए देश का सबसे बड़ा उत्पादन केंद्र होगा जिसकी क्षमता 150 मीट्रिक टन दही और 3 लाख लीटर छाछ रोजाना रहेगी. गुजरात स्थित साबरकांठा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ को साबर डेयरी के नाम से जाना जाता है. इस प्लांट से दिल्ली- NCR की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
हर पंचायत में सहकारी समिति
यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि साबर मिल्क प्लांट में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सहकारिता आंदोलन किसानों और ग्रामीण भारत के लिए नई क्रांति लेकर आया है. उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि साल 2029 से पहले देश की हर पंचायत में सहकारी समिति का गठन कर दिया जाएगा. अपने संबोधन में अमित शाह ने बताया कि सरकार ने पूरे देश में 75 हजार नई डेयरी समितियों की स्थापना का लक्ष्य रखा है, जबकि पहले से कार्यरत 46 हजार समितियों को और सशक्त बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और बिचौलियों पर निर्भरता खत्म होगी.
IMT रोहतक में साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन…
भारत अब विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश: श्री @AmitShah
श्वेत क्रांति-2 के तहत 75,000 से अधिक डेयरी समितियों की स्थापना, 40,000 सहकारी संस्थाएं सुदृढ़।
2029 तक हर गाँव को सहकारिता से जोड़ा जाएगा।#AmitShah #Cooperative pic.twitter.com/GxjUecieiz— DPR Haryana (@DiprHaryana) October 3, 2025
किसानों के हित सर्वोपरि
उन्होंने बताया कि शुगर फेडरेशन द्वारा गन्ना किसानों को 400 रुपये क्विंटल लाभकारी मूल्य दिया जा रहा है. जींद और सिरसा के दो दूध संयंत्रों के नवीनीकरण के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड द्वारा लगभग साढे 18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. सहकारी दूध उत्पादक समितियों के दूध उत्पादकों के लिए 1 मार्च 2015 से दुर्घटना बीमा कराया जा रहा है. सहकारी दुग्ध उत्पादक समिति के सदस्यों की बेटियों की शादी में 1100 रुपये महा शगुन दिया जाता है.
उन्होंने कहा कि जब किसान, मजदूर और महिलाएं मिलकर समितियां चलाते हैं तो उसका असर समाज की समृद्धि पर साफ दिखाई देता है. शाह ने कहा कि सहकारिता गांव- गांव को आत्मनिर्भर बनाएगी और किसान को मजबूती प्रदान करेगी. इस अवसर पर सीएम नायब सैनी, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित कई अन्य सीनियर नेता उपस्थित रहे.
