रोहतक | हरियाणा से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. वार्षिक फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ -भाड़ को देखते हुए रेलवे ने मदार- रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है. यह ट्रेन 16 फरवरी से 28 फरवरी तक संचालित होगी. इस ट्रेन का संचालन पहले भी हो रहा था मगर बीच में इसको बंद कर दिया गया था. अब फिर से इसका संचालन किया जा रहा है. इससे हरियाणा और राजस्थान के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09639, मदार- रोहतक स्पेशल ट्रेन रोहतक से सुबह साढ़े 4 बजे रवाना होकर दोपहर 12.50 बजे रोहतक पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09640, रोहतक- मदार स्पेशल ट्रेन रोहतक से दोपहर 01.20 बजे रवाना होकर रात 10.35 बजे मदार पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, झज्जर व अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में 7 जनरल कोच और 2 गार्ड सहित कुल डिब्बों की संख्या 9 रहेगी.
भीड़भाड़ से मिलेगा छुटकारा
अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खाटूश्याम मंदिर पर लगने वाले वार्षिक फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ रहने की पूरी संभावना है. जिसको देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के संचालन को फिर से हरी झंडी दिखाई जाएगी. इस ट्रेन में सभी कोच सामान्य श्रेणी के होंगे जिससे श्रद्धालुओं को किफायती दर पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी. इस ट्रेन के संचालन से दोनों राज्यों के बीच यात्री दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी. वहीं, खाटूश्याम श्रद्धालुओं ने भी रेलवे के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया है.
