रोहतक | हरियाणा के रोहतक जिले से शिक्षा के क्षेत्र में एक गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि रोहतक जिले की बेटी वंशिका गहलावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को दर्शाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है. रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के भौतिक विज्ञान की छात्रा वंशिका का चयन ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एडिलेड के एक महत्वपूर्ण रिसर्ज प्रोजेक्ट के लिए हुआ है.

प्रोजेक्ट की लागत 22 हजार डॉलर
वंशिका रोहतक के खेड़ी साध गांव की रहने वाली है और वर्ष 2023 – 25 बैच की छात्रा है. उसका चयन सौर ऊर्जा से जुड़े अत्याधुनिक शोध प्रोजेक्ट के लिए किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 22 हजार डॉलर बताई गई है. इस प्रोजेक्ट के तहत वंशिका “ड्यूरेबल क्वांटम- कटिंग कंपोजिट्स” पर काम करेगी.
इस तकनीक का उद्देश्य ऐसे सोलर पैनल विकसित करना है जो कठिन परिस्थितियों में ट्रक, जहाज और विमान में आसान तथा प्रभावी ढंग से काम कर सके. इसके साथ ही यह तकनीक हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणों को उपयोगी ऊर्जा में बदलने में मदद करेगी.इस शोध प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन ऑस्ट्रेलिया की वैज्ञानिक प्रो. हाईके एंबेडॉर्फ- हाइडप्रियम करेंगे. इस परियोजना का औद्योगिक जुड़ाव प्राक्सिस लैब्स से भी है, जिससे तकनीकी विकास को बल मिलेगा.
पूरे देश का नाम किया रोशन
वंशिका की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम रोशन हुआ है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी वंशिका की इस उपलब्धि को गर्व का विषय बताते हुए कहा है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकल कर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है.
वंशिका ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों को देते हुए कहा है कि उनका लक्ष्य विज्ञान के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान करना है. एडिलेड यूनिवर्सिटी का यह प्रोजेक्ट मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों और आधुनिक प्रयोगशालाओं में अनुभव लेने का मौका देगा.