सिरसा | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां सिरसा जिले की 2 महिला सरपंचों को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जाएगा. इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण प्राप्त हुआ है.
सिरसा के लिए गौरवमई खबर
जिले के बड़ा गुढ़ा ब्लॉक के फतेहपुरिया नियामत खां गांव की सरपंच सुनीता ढिगारिया ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथों सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बेहद ही खास है. राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलना वाकई बहुत बड़ी बात होती है.
महिला सरपंच सुनीता ने बताया कि उनके कार्यकाल में गांव में शिक्षा का परिणाम 10% से बढ़कर आज लगभग 100% हो चुका है. इसके अलावा गांव की टूटी-फूटी गलियां पक्का करवा दी गई. पूरे गांव में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है. गांव में एक हर्बल पार्क विकसित किया गया है जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं. पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए पुरानी लाइनें बदलकर नई लाइन बिछाई गई है.
दूसरी महिलाओं को दिया रोजगार
रानियां ब्लॉक के भुना गांव की सरपंच शारदा देवी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होने का निमंत्रण मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए इसे ऐतिहासिक पल बताया. उन्होंने बताया कि वे महिलाओं के उत्थान को लेकर निरंतर प्रयास कर रही है और गांव में 10 स्वयं सहायता समूह चलाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम शुरू किया है.
स्टूडेंट्स के लिए लाईब्रेरी बनाई गई है. वहीं, खेल मैदान में गांव के बच्चे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें इसके लिए स्टेडियम का जीर्णोद्धार करवाकर खेल सामान उपलब्ध कराया गया है. वहीं, गांव की फिरनियां पक्की करवाने के साथ एलईडी लाइट्स लगाई गई है. गांव की चौपाल व पार्कों का सौंदर्यीकरण किया गया है.
